
अतीक के परिवार से मिलीं विधायक पल्लवी पटेल। फोटो सोर्स-X (@pallavi_apnadal)
Pallavi Patel Meet Atique Ahmad Family:उत्तर प्रदेशकी सिराथू विधानसभा सीट से विधायक पल्लवी पटेल ने अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की मौत के बाद उसके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने अतीक के बेटे अहजम से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पल्लवी पटेल ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की हैं।
पल्लवी पटेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पूर्व सांसद अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद के सड़क हादसे में आकस्मिक निधन के बाद उन्होंने उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने तथागत गौतम बुद्ध से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए।
हादसे के बाद शनिवार शाम अबान को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान उसके तीनों भाई अली, उमर और अहजम भी मौजूद रहे। अतीक के बेटे अली और उमर जेल में बंद हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद दोनों जनाजे में शामिल होने पहुंचे थे।
अबान की मौत के करीब एक सप्ताह बाद विधायक पल्लवी पटेल ने परिवार से मुलाकात की। उन्होंने अतीक के बेटे अहजम के साथ-साथ अतीक के भाई अशरफ के बच्चों से भी मुलाकात की। इस दौरान पल्लवी पटेल ने परिवार के सदस्यों से काफी देर तक बातचीत की और अबान की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त की।
पल्लवी पटेल ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। तस्वीरों में वह अहजम से बातचीत करती और बच्चों के बीच बैठी नजर आ रही हैं। पल्लवी पटेल समाजवादी पार्टी गठबंधन और अपना दल (कमेरावादी) से जुड़ी नेता हैं।
Updated on:
15 Aug 2026 11:45 am
Published on:
15 Aug 2026 11:42 am
