
पत्रिका फोटो
Pune Crime News: महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है जिसने पूरी इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। भोर तहसील के एक गांव में मात्र चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दिल दहला देने वाली वारदात शुक्रवार को हुई। आरोपी ने मासूम बच्ची को खाने की चीज का लालच दिया और उसे अपने साथ फुसलाकर ले गया। वह बच्ची को एक सुनसान गौशाला में ले गया, जहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपी ने बच्ची पर पत्थर से हमला कर उसकी जान ले ली और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को गौशाला में रखे गोबर के ढेर में दबा दिया।
जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पुलिस को एक घर के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे की फुटेज मिली, जिसमें आरोपी उस मासूम बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा था। इस पुख्ता सबूत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
जैसे ही इस घिनौनी वारदात की खबर गांव में फैली, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए और आरोपी को तुरंत फांसी देने की मांग करने लगे। उग्र प्रदर्शनकारियों ने मुंबई-बेंगलुरु हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और यातायात ठप हो गया।
स्थिति को बिगड़ता देख पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीपसिंह गिल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच फास्ट ट्रैक मोड पर की जाएगी। एसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करेगी ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जा सके। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
Published on:
02 May 2026 10:56 am
