
चेतन-सिया की योजना का तीसरे दोस्त ने खोला राज
Builder Ketan Aggarwal Pune: पुणे के मशहूर बिल्डर और निर्माण व्यवसायी केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में अब एक तीसरे युवक की एंट्री हुई है, जो मुख्य आरोपी चेतन चौधरी का कॉलेज का सहपाठी (क्लासमेट) है। सूत्रों के मुताबिक, इसी तीसरे दोस्त ने पुलिस के सामने राज उगलते हुए बताया है कि चेतन और सिया गोयल ने केतन की हत्या करने की पूरी प्लानिंग उसे पहले ही बता दी थी और उसे भी इस खौफनाक साजिश में शामिल होने का न्योता दिया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी चेतन चौधरी मई के आखिरी सप्ताह से ही बीड के रहने वाले अपने इस सहपाठी के लगातार संपर्क में था। चेतन और सिया ने इस युवक से केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने यानी 'कांटा निकालने' के बारे में खुलकर बात की थी। दोनों ने उससे कहा था कि हम केतन का काम तमाम कर देंगे, तुम भी लोहागढ़ आ जाना। 'उन्होंने उसे 18 जून को लोहागढ़ में ट्रेकिंग पर चलने के लिए कहा था, लेकिन किस्मत से उस युवक ने साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद सिया और चेतन ने अकेले ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।
गौरतलब है कि 18 जून को सिया गोयल और चेतन चौधरी, बिजनेसमैन केतन अग्रवाल को ट्रेकिंग के बहाने लोहागढ़ ले गए थे। वहां मौका पाकर दोनों ने केतन को चट्टान से नीचे धकेल दिया। 350 फीट गहरी खाई में गिरने के कारण केतन अग्रवाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।
पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में एक और अहम जानकारी यह मिली है कि केतन की हत्या करने के बाद आरोपी चेतन चौधरी की पहली मुलाकात इसी बीड वाले दोस्त से हुई थी। इतना ही नहीं, मर्डर के बाद आरोपी सिया गोयल ने भी उससे बातचीत की थी। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि केतन को खाई में फेंकने के बाद दोनों ने इस युवक से क्या-क्या बातें की थीं? क्या उन्होंने सिर्फ घटना की जानकारी दी थी या सबूत मिटाने जैसी किसी अन्य साजिश पर भी चर्चा की थी?
पुणे ग्रामीण पुलिस ने अब इस तीसरे युवक से गहनता से पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा है कि अगर चेतन के इस दोस्त को इतनी बड़ी हत्या की साजिश का पूर्वाभास (पहले से पता) था, तो उसने समय रहते पुलिस या केतन के परिवार को क्यों नहीं बताया? वह अब तक खामोश क्यों रहा? फिलहाल पुलिस इस युवक के कॉल डिटेल्स (CDR), व्हाट्सएप चैट्स, लोकेशन हिस्ट्री और अन्य सभी डिजिटल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है, ताकि इस मर्डर मिस्ट्री के हर छिपे हुए सच को सामने लाया जा सके।
Updated on:
03 Jul 2026 04:31 pm
Published on:
03 Jul 2026 04:31 pm
बड़ी खबरें
View Allपुणे
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
