
लेफ्ट में एक साथ सिया और केतन, राइट में प्रेमी चेतन का फोटो।
Success Group Pune Director: लोहगढ़ किले की 400 फीट गहरी खाई में धकेले गए 26 साल के केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे इलाके के रहने वाले थे। वे केवल एक आम युवक नहीं, बल्कि पुणे के एक बेहद प्रतिष्ठित और सफल बिजनेस घराने के चश्म-ओ-चिराग थे। केतन अग्रवाल महाराष्ट्र के एक बड़े और प्रतिष्ठित रियल एस्टेट व वेयरहाउस डेवलपर 'सक्सेस ग्रुप' में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) के पद पर कार्यरत थे। इतना ही नहीं केतन ने अमेरिका के मैसाचुसेट्स स्थित प्रतिष्ठित 'बैबसन कॉलेज के एफडब्ल्यू ओलिन ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस' से 'एंथ्रेप्रेन्योरशिप' (उद्यमिता) में मास्टर डिग्री हासिल की थी। साल 2023 में अमेरिका से लौटने के बाद वे अपने पिता विशाल अग्रवाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पारिवारिक बिजनेस को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और उसके विस्तार में सक्रिय रूप से जुट गए थे।
हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरें और वीडियो बयां करते हैं कि केतन बेहद खुशमिजाज इंसान थे। वे अपने दोस्तों के साथ पार्टी करना, डांस करना और विदेश यात्राओं की प्लानिंग करना पसंद करते थे। अपनी मौत (18 जून) से महज कुछ दिन पहले ही वे अपनी मंगेतर सिया गोयल के बर्थडे सेलिब्रेशन में हंसते-नाचते और केक काटते हुए दिखाई दिए थे। यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
केतन और सिया गोयल की सगाई इसी साल फरवरी में दोनों परिवारों की रजामंदी से हुई थी। अग्रवाल परिवार सिया के परिवार को पिछले 35 से 40 वर्षों से जानता था, इसलिए उन्हें कभी किसी बात का संदेह नहीं हुआ। सिया को घर की बहू नहीं बल्कि बेटी मानकर हर फैमिली आउटिंग, डिनर और शॉपिंग पर ले जाया जाता था। दोनों की नवंबर में राजस्थान के उदयपुर के एक आलीशान पैलेस में ग्रैंड वेडिंग होने वाली थी, जिसके लिए होटल बुकिंग से लेकर मेहमानों के लिए प्राइवेट जेट तक की तैयारी पूरी हो चुकी थी।
किसे पता था कि जिसे पूरा परिवार एक खुशनुमा भविष्य मान रहा था, वह महज एक दिखावा था। 18 जून को लोहगढ़ किले पर घूमने के बहाने ले जाकर मंगेतर सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को मौत के घाट उतार दिया। केतन के पिता ने रोते हुए कहा कि अगर उसे यह शादी नहीं करनी थी, तो वह बस एक बार मना कर देती; हम तुरंत शादी रद्द कर देते। हमारे बेटे की जान लेने की क्या जरूरत थी?' आज केतन के जाने के बाद परिवार के पास सिर्फ उनकी तस्वीरें, डिग्रियां, सफलता की कहानियां और वो यादें बची हैं जो वक्त से पहले ही छीन ली गईं।
Updated on:
24 Jun 2026 04:14 pm
Published on:
24 Jun 2026 04:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
