
CG News: स्कूल में पदस्थ एक भृत्य के तीन वर्ष का लंबित वेतन जारी करने के एवज में 20 हजार की रिश्वत की मांग की गई। इसकी शिकायत पर एसीबी की टीम ने सोमवार को शिक्षा विभाग में दबिश देते हुए बाबू को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हालाहुली में कलेक्टर दर पर भृत्य के पद पर पदस्थ कुशूराम केंवट को किसी कारणवश अक्टूबर 2014 से अप्रैल 2017 तक का वेतन करीब २ लाख रुपए लंबित था। इस मामले को लेकर उक्त भृत्य ने पहले तो हाईकोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने विभाग को संबंधित भृत्य का कलेक्टर दर पर वेतन जारी करने का निर्देश दिया।
इसके बाद कुशूराम केंवट कोर्ट के आदेश को लेकर विभाग के चक्कर काट रहा था। कुशूराम ने बताया कि शिक्षा विभाग में पदस्थ बाबू एमएफ फारूकी ने लंबित वेतन 2 लाख रुपए जारी करने के एवज में 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। इसमें कुछ राशि पहले दी थी। वहीं शेष राशि की मांग की जा रही थी। इसको लेकर कुशूराम ने एसीबी में शिकायत की।
CG News: एसीबी बिलासपुर की टीम सोमवार को पूरी प्लानिंग के साथ दबिश दी। दोपहर करीब 12 बजे कुशूराम 10 हजार रुपए लेकर उक्त बाबू के पास गया और जैसे ही उसको रुपए दिए एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया। दोपहर करीब 2.30 बजे तक एसीबी की टीम शिक्षा विभाग में इस मामले को लेकर कार्रवाई करती रही। दोपहर बाद संबंधित बाबू को गिरफ्तार कर कोर्ट ले गई।
Updated on:
6 May 2025, 7:29 AM IST
Published on:
6 May 2025, 7:29 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.