
रायगढ़ को मिला ‘सिंदूर पार्क’ का तोहफा (photo source- Patrika)
Raigarh Sindoor Park: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर को सुशासन तिहार के मौके पर एक बड़ी सौगात मिली है। इतवारी बाजार क्षेत्र में लगभग 9.87 करोड़ रुपए की लागत से तैयार ‘सिंदूर पार्क’ का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। यह पार्क बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों के लिए मनोरंजन, हरियाली और सामाजिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। कभी अव्यवस्थित और गंदगी से घिरा यह इलाका अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होकर शहर के प्रमुख आकर्षण के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सिंदूर पार्क सिर्फ एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि रायगढ़वासियों के लिए स्वच्छ वातावरण और मनोरंजन का नया केंद्र है। यहां बच्चों के लिए चिल्ड्रन प्ले एरिया, ओपन एयर जिम, चौपाटी, बैठने की व्यवस्था और सामाजिक गतिविधियों के लिए विशेष स्थान विकसित किए गए हैं।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी (O. P. Choudhary) ने बताया कि जिस स्थान पर आज सिंदूर पार्क खड़ा है, वहां पहले गंदगी, अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियां होती थीं। स्थानीय लोग लंबे समय से इस क्षेत्र के विकास की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा किया गया है।
उन्होंने बताया कि लगभग 9.87 करोड़ रुपए की लागत से इस परियोजना को विकसित किया गया है। पार्क में विशाल पार्किंग, सड़क चौड़ीकरण और आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधा मिल सके।
O. P. Choudhary ने बताया कि यहां एक आधुनिक फूड कोर्ट भी तैयार किया जा रहा है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया जारी है। पार्क में पहली बार स्टैंप कंक्रीट तकनीक का उपयोग किया गया है, जो सामान्य टाइल्स की तुलना में अधिक मजबूत और टिकाऊ है।
पार्क परिसर में यादव समाज और देशभक्ति की भावना से जुड़ा रेज़ांग ला स्मारक (Rezang La Memorial) भी बनाया गया है, जो वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान की याद दिलाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा थी कि पहलगाम की घटना के बाद भारतीय सेना के आतंकवाद विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति को स्थायी रूप दिया जाए। इसी उद्देश्य से इस पार्क का नाम ‘सिंदूर पार्क’ रखा गया।
Published on:
17 May 2026 05:08 pm
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
