
जेल में बंद तीन नेताओं को छोड़ने की मांग को लेकर AAP ने किया प्रदर्शन, GE रोड पर बनाया मानव श्रृंखला
रायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रवास के दौरान प्रदर्शन के आरोप में बंद नेताओं की रिहाई के लिए आम आदमी पार्टी सड़क पर उतर गई है। आप कार्यकर्ताओं ने रविवार को युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ निर्वाणी की अगुवाई में मुख्यमंत्री निवास की दूसरी तरफ, जीई रोड पर मानव शृंखला बनाकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में आप सरकार के समर्थन और छत्तीसगढ़ सरकार की नीतियों की मुखालफत वाले स्लोगन लिखे बैनर पहन रखा था। प्रदर्शनकारी अपने नेताओं की नि:शर्त रिहाई की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन करने वालों में सुब्रत विस्वास, रजा सिदिदकी, पवन सक्सेना, नितिन तिवारी, नीरज साहू, आकाश यादव, मुकेश निराला, शुभम साहू आदि शामिल थे। पार्टी कार्यकर्ता सोमवार को हर जिले में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे।
आप ने कहा, हो रहा अपराधी जैसा सुलूक
आप प्रवक्ता उचित शर्मा ने आरोप लगाया, जेल में बंद उनके नेताओं से आम अपराधी जैसा सुलूक हो रहा है। शर्मा ने कहा, पार्टी कार्यकर्ता 14 जून को प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर दिल्ली में चल रही आइएएस अधिकारियों की अनौपचारिक हड़ताल में हस्तक्षेप करने की मांग लेकर गए थे। पुलिस ने उन्हें शांति भंग के आरोप में पकड़ कर जेल भेज दिया। बाद में उनपर उपद्रव, सरकारी काम में बाधा, सरकारी कर्मचारी से मारपीट, उनपर बल प्रयोग और धोखाधड़ी जैसे मामले दर्ज कर लिए। शर्मा ने पुलिस की इस कोशिश को निंदनीय बताया है।
जोगी ने केजरीवाल को दिया समर्थन
पूर्व मुख्यमंत्री और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अजीत जोगी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को समर्थन किया है। जोगी ने केजरीवाल को लिखे एक पत्र में कहा है, राजनीतिक द्वेष एवं अहंकार से ग्रसित केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित प्रशासनिक हड़ताल के विरुद्ध किये जा रहे आपके धरने का मैं समर्थन करता हूँ। मैं, मेरे दल जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के लाखों कार्यकर्ता एवं ढाई करोड़ छत्तीसगढ़वासी, संघर्ष की इस घड़ी में आपके साथ हैं।
Published on:
17 Jun 2018 09:59 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
