
CG Monsoon Update: छत्तीसगढ़ में बारिश ने पार किया 100% का आंकड़ा(photo-patrika)
CG Monsoon Update: छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक बारिश की स्थिति सामान्य से बेहतर बनी हुई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के अनुसार, 1 जून से 28 अगस्त 2026 तक प्रदेश में औसतन 855.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले 10 वर्षों के औसत 849.3 मिमी का 100.8 प्रतिशत है। वहीं, 28 अगस्त को प्रदेश में औसतन 6.4 मिमी बारिश हुई। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश का वितरण हालांकि एक जैसा नहीं रहा। कुछ जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है, जबकि कई जिले अब भी औसत से पीछे चल रहे हैं।
प्रदेश में औसत के मुकाबले प्रतिशत के लिहाज से सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे आगे है। यहां अब तक 1088.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य का 166 प्रतिशत है। इसके अलावा रायपुर में 920 मिमी (130.7%), महासमुंद में 1017.9 मिमी (130.7%), गरियाबंद में 989.2 मिमी (120.4%), बलौदाबाजार में 898.7 मिमी (114.4%) और धमतरी में 833.6 मिमी (101.5%) बारिश हुई है।
सरगुजा संभाग में बलरामपुर जिले में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। यहां 1164.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत का 157.7 प्रतिशत है। 28 अगस्त को भी बलरामपुर में 29.3 मिमी बारिश हुई, जो प्रदेश में उस दिन सबसे अधिक रही। सूरजपुर में 963.5 मिमी (109.6%), एमसीबी में 920 मिमी (116.7%), कोरिया में 702.3 मिमी (89.9%) और जशपुर में 716.9 मिमी (86.9%) बारिश दर्ज हुई है। वहीं सरगुजा जिले में अब तक 504.4 मिमी यानी 77.1 प्रतिशत बारिश हुई है।
बिलासपुर संभाग के कई जिलों में मानसून सामान्य से बेहतर रहा है। मुंगेली में 896.8 मिमी (120.5%) और जांजगीर-चांपा में 1025.7 मिमी (114.6%) बारिश दर्ज की गई है। बिलासपुर में 890.7 मिमी (109.2%), सक्ती में 846.2 मिमी (105.8%), कोरबा में 953.2 मिमी (105%) और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 831.2 मिमी (102.7%) बारिश हुई है। रायगढ़ में 891.2 मिमी यानी 99.8% बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य के लगभग बराबर है।
दुर्ग संभाग के जिलों में बारिश की स्थिति अलग-अलग रही। बालोद में 844.6 मिमी (108.2%) बारिश हुई है, जबकि दुर्ग में 636.5 मिमी (100.4%) बारिश दर्ज की गई। राजनांदगांव में 698 मिमी (99.3%) और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 583.5 मिमी (95.4%) बारिश हुई है। वहीं कबीरधाम में 550.1 मिमी (85.6%), बेमेतरा में 493.7 मिमी (78.2%) और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 689.3 मिमी (70.6%) बारिश दर्ज की गई है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नारायणपुर में 1260.9 मिमी बारिश हुई है, जो औसत का 121.3 प्रतिशत है। 28 अगस्त को भी यहां 21.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा में 1063.2 मिमी (95.4%) बारिश हुई है। वहीं बीजापुर में कुल 1213.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, लेकिन यह औसत का 80 प्रतिशत है। सुकमा में 846.1 मिमी (72.3%), कोंडागांव में 758.9 मिमी (80.2%) और बस्तर में 837.3 मिमी (77.8%) बारिश हुई है।
प्रदेश में औसत के प्रतिशत के लिहाज से कांकेर सबसे पीछे है। यहां अब तक 713.1 मिमी यानी औसत का सिर्फ 65.6 प्रतिशत बारिश हुई है। हालांकि 28 अगस्त को कांकेर में 12.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश के आंकड़े में सुधार की उम्मीद है।
कुल मिलाकर इस मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में बारिश का आंकड़ा 100 प्रतिशत से ऊपर पहुंच चुका है। प्रदेश में जहां सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, महासमुंद और बलरामपुर जैसे जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है, वहीं कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बेमेतरा और सरगुजा समेत कई जिलों में बारिश औसत से कम रही है।
Updated on:
29 Aug 2026 12:56 pm
Published on:
29 Aug 2026 12:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
