29 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

छत्तीसगढ़ में मानसून लेगा यू-टर्न, बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश की तीव्रता, जानें मौसम विभाग का अनुमान

Chhattisgarh Meteorological Department: छत्तीसगढ़ में 29 अगस्त से मानसून फिर रफ्तार पकड़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के असर से कई जिलों में बारिश बढ़ेगी, कुछ जगह भारी बारिश के आसार हैं।
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh Weather

छत्तीसगढ़ में मानसून पकड़ेगा रफ्तार (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दायरा और उसकी तीव्रता बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त से कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम है। ऐसे में नए मौसम सिस्टम से होने वाली बारिश से इस कमी की भरपाई होने की उम्मीद है।

Chhattisgarh Rain Alert: रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 29 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। इससे पहले रक्षाबंधन के दिन राजधानी में बारिश से राहत रही। इस दौरान तापमान 29 डिग्री से बढ़कर करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

पिछले 24 घंटे में इन इलाकों में हुई बारिश

शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में कुसमी में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर बारिश हुई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर में बारिश हो सकती है। इसके अलावा बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में भी हल्की बारिश के आसार हैं। सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भी मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है।

Weather Update Chhattisgarh: बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के सक्रिय होने के बाद छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।