
CG Naxal Operation: बारिश में भी नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। राज्य के साथ सीमावर्ती राज्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र और ओडिशा सीमाओं पर ज्वाइंट ऑपरेशन चलाएगे। इलाकों को नक्सलमुक्त कराने के साथ विकास का प्लान भी धरातल पर आएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार को यूनिफाइड कमांड की अहम बैठक हुई है। इसमें बारिश के दौरान नक्सलियों से निपटने की रणनीति बनी।
बैठक में तय किया गया सूचनाओं के आधार पर पुलिस व फोर्स के जवानों को टारगेट प्वॉइंट पर भेजा जाएगा। बाकी समय जवान सुरक्षित इलाकों में ही रहेंगे। वहीं, बैठक में सीएम ने पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत करने और स्थानीय ग्रामीणों को विश्वास में लेकर काम करने पर जोर दिया। बैठक में कहा गया कि ये पांचों राज्य बेहतर समन्वय के साथ माओवादियों के खिलाफ कार्रवाई करें, तो आशातीत परिणाम आएंगे। इसके साथ ही सम्पर्क मार्गों पर सुरक्षा बलों द्वारा सतत निगरानी और सीमावर्ती राज्यों के साथ सूचनाओं को साझा किये जाने पर भी जोर दिया गया।
CG Naxal Operation: बैठक में सीएम ने कहा, राज्य में नक्सली गतिविधियों में लगातार कमी आ रही है। राज्य में केन्द्रीय सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा बेहतर तालमेल के साथ नक्सलियों के विरूद्ध सफलतापूर्वक चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के कारण यह संभव हो सका है।
नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के साथ-साथ शासन की नई ‘‘नियद नेल्लानार योजना‘‘ के तहत विकास कार्यों में भी तेजी लायी जा रही है, जिससे आम जनता का शासन व प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव (गृह) मनोज पिंगुआ, केन्द्रीय गृह मंत्रालय तथा राज्य शासन, केन्द्रीय सुरक्षा बलों एवं राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विकास एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे।
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य के सीमावर्ती राज्यों विशेषत: महाराष्ट्र, तेलंगाना, आन्ध्रप्रदेश और ओडिशा के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करेंगे। सीमावर्ती राज्यों के साथ सूचनाओं को साझा किये जाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
मुख्यमंत्री साय ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा, सुचारू आवागमन के लिए सड़क, पुल-पुलियों एवं अन्य शासकीय निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। बैठक में माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में तैनात केन्द्रीय और राज्य के सुरक्षा बलों के जवानों की समस्याओं को लेकर भी चर्चा की गई तथा सुरक्षा बलों के कैम्पों में जवानों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
Updated on:
30 Jun 2024 08:26 am
Published on:
29 Jun 2024 01:08 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
