
चुनाव से पहले युथ को आकर्षित करने भाजपा ने अपने वॉररूम में बनाया खुद का स्टूडियो
रायपुर. इस वक्त चुनाव हो या कोई भी काम लोग सबसे पहले सोशल मीडिया को ही अपना टारगेट बनाते हैं। अपनी बातें लोगों तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने का सबसे अच्छा माध्यम इस वक़्त सोशल मीडिया है ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में सभी पार्टी सोशल मीडिया का सहारा लेकर युथ को अपनी ओर आकर्षित करना चाहती है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी चुनावी जंग में भाजपा ऑडियो-वीडियो के नए औजार के साथ उतरी है। पार्टी ने एकात्म परिसर स्थित वॉररूम में खुद का रेकॉर्डिंग स्टूडियो बनाया है। पिछले कुछ दिनों से इस स्टूडियो में काम भी होने लगा है।
इस स्टूडियो में पेशेवर तरीके से ऑडियो और वीडियो सामग्री रेकॉर्ड और संपादित की जा रही है। इसका इस्तेमाल पार्टी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी के प्रचार और विपक्ष पर हमला करने के अलावा मुख्यधारा के समाचार चैनलों को नेताओं के रेकॉर्डेड बयान मुहैया कराने में कर रही है। भाजपा के कार्यालय प्रभारी सुभाष राव बताते हैं, पहले हम लोग मोबाइल कैमरे से रेकॉर्ड कर वीडियो भेज देते थे। उसकी गुणवत्ता खराब होती थी, उसे चलाने में दिक्कत हो रही थी। स्टूडियो में अब उन संदेशों को बेहतर तरीके से रेकॉर्ड और संपादित किया जाना संभव हुआ है।
अभी और भी टीमें लगेंगी
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया, इस काम में अभी और भी टीमें लगेंगी। कुछ दिनों में केंद्रीय संगठन की टीम भी आएगी। उसके अलावा कई समूह और भी सोशल मीडिया के काम में जुटेंगे। ऐसे में इस स्टूडियो की उपयोगिता बढ़ जाएगी।
कांग्रेस का भी गोपनीय वॉररूम
कांग्रेस ने सोशल मीडिया में सक्रियता बढ़ा दी है। आइटी से के प्रमुख जयवर्धन बिस्सा ने बताया कि कांग्रेस का गोपनीय वॉररूम बनकर तैयार हो गया है। लोकसभा, विधानसभा और बूथ स्तर पर भी आइटी सेल का गठन किया किया है। यह टीम लगातार विपक्ष के हमलों का सोशल मीडिया के जरिए जवाब दे रही है।
Published on:
30 Sep 2018, 4:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.