24 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Chhattisgarh Budget 2026: विधानसभा में 1.72 लाख करोड़ का ‘संकल्प’ बजट पेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर बड़ा फोकस

CG Budget 2026: छत्तीसगढ़ में 1.72 लाख करोड़ रुपये का ‘संकल्प’ बजट पेश। ओपी चौधरी ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, बस्तर-सरगुजा विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े प्रावधानों की घोषणा की।

2 min read
Google source verification
वित्त मंत्री ओपी चौधरी (photo source- Patrika)

वित्त मंत्री ओपी चौधरी (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ की आर्थिक दिशा तय करने वाला वित्त वर्ष 2026-27 का बजट आज विधानसभा में पेश किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार का तीसरा बजट सदन में प्रस्तुत किया। इस बार बजट की थीम ‘संकल्प’ रखी गई है और कुल बजट आकार 1.72 लाख करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि विकास की इस यात्रा का आधार ‘ज्ञान’ और ‘गति’ रहेगा।

Chhattisgarh Budget 2026: शिक्षा पर विशेष फोकस

बजट में शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता दी गई है। अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो नई एजुकेशन सिटी स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान रखा गया है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दूरस्थ और आदिवासी अंचलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

महिलाओं और स्वास्थ्य के लिए बड़े प्रावधान

महिला सशक्तिकरण को मजबूती देते हुए सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 70 लाख महिलाओं को 14 हजार करोड़ रुपये वितरित किए जाने की जानकारी दी। नए बजट में इस योजना के लिए 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना और महतारी सदन के लिए 275 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

बालिकाओं के जन्म पर ‘दुर्गावती योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में 5 नई आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 42 करोड़, आयुष्मान योजना के लिए 1,500 करोड़ और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 2,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। दवाओं की गुणवत्ता जांच हेतु 25 करोड़ रुपये की लागत से लैब स्थापित की जाएगी। रायपुर में नया होम्योपैथी कॉलेज भी खोला जाएगा।

बस्तर-सरगुजा पर खास ध्यान

बजट में बस्तर और सरगुजा अंचल के विकास को प्राथमिकता दी गई है। इंटरनेट सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और 70 नई बस सेवाओं के संचालन के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे पॉलिसी हेतु 10 करोड़ और मैनपाट पर्यटन विकास के लिए 5 करोड़ रुपये रखे गए हैं। कृषि और रोजगार सृजन के लिए निवेशकों को 100 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के लिए 50 करोड़ रुपये और विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की भी घोषणा की गई है।

आधारभूत संरचना में निवेश

सड़क और नगरीय विकास कार्यों में भी उल्लेखनीय राशि आवंटित की गई है। नारायणपुर-जटलूर मार्ग के लिए 28 करोड़, दंतेवाड़ा के लिए 9 करोड़, सुकमा के लिए 7 करोड़, बलरामपुर के लिए 10 करोड़ तथा इंद्रावती क्षेत्र में 68 किलोमीटर नगर निर्माण के लिए 2024 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कांकेर बैराज परियोजना के लिए 400 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। बस्तर विकास प्राधिकरण को 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

Chhattisgarh Budget 2026: सत्र की पृष्ठभूमि

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से हुई थी, जिसमें राज्य के विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया था। साय सरकार का यह तीसरा बजट ‘संकल्प’ थीम के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी क्षेत्रों के विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर केंद्रित नजर आता है।