
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन इन इलाकों में बरसेंगे बादल(photo-patrika)
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है। जून का आधा महीना बीतने के बाद भी प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। रायपुर समेत मध्य क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में पारा 39 से 41 डिग्री के पार पहुंच गया है। हालांकि मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। कुछ इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं से राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग (IMD Alert) के अनुसार, प्रदेश में बनी द्रोणिका के प्रभाव से सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश हो रही है। सोमवार को सूरजपुर जिले के ओड़गी में सबसे ज्यादा 5 सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं रामानुजनगर, प्रतापपुर और जशपुर जिले के कांसाबेल में 2-2 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा बलरामपुर, कोरबा के पाली और करतला, बलौदाबाजार के गिधौरी टुंड्रा, सूरजपुर के प्रेमनगर और रायगढ़ के मुकडेगा में भी बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश में गर्मी का असर लगातार जारी है। सोमवार को बेमेतरा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में सबसे कम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। तापमान में इस अंतर के चलते प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिल रहा है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और अंधड़ की संभावना है। हालांकि दिन में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना (Chhattisgarh Rain Forecast) जताई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
Updated on:
16 Jun 2026 09:15 am
Published on:
16 Jun 2026 09:15 am
