
DA Hike News: केंद्र सरकार ने हाल ही में महंगाई भत्ते DA में 4 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। इसे प्रभावी रूप से 34 फीसदी से 38 फीसदी कर दिया है। बताया जा रहा है देश के 50 लाख से अधिक केंद्रीय कर्मचारियों में इससे ख़ुशी की लहार है। इसी बीच अब छत्तीसगढ़ के लाखों कर्मचारियों को दीपावली से पहले डीए बढ़ने का तोहफा मिल सकता है। जानकारी के अनुसार सरकार की ओर से यह निर्णय ले लिया गया है। अब कैबिनेट में मुहर लगाने की औपचारिकता बाकी रह गई है।
बता दें हाल ही में छत्तीसगढ़ के लाखों कर्मचारी डीए बढ़ाने की मांग को लेकर राजधानी रायपुर में लंबे समय तक धरने पर बैठे थे। कर्मचारियों का महंगाई भत्ता सरकार ने 22 से बढाकर 28 प्रतिशत कर दिया था, लेकिन कर्मचारियों की मांग थी की और 6 प्रतिशत उनका DA केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर किया जाए। इस पर राज्य सरकार ने दिवाली और राज्य उत्सव तक का समय मांगा था।
मंत्री को याद दिलाने पहुंचे कर्मचारी
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की ओर से कृषि मंत्री रविंद्र चौबे को स्मरण पत्र सौंपा गया था। इसमें 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की मांग की थी। फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि राज्य के 5 लाख कर्मचारी डीए की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया गया था। त्योहार का समय है, इसलिए कर्मचारियों में सरकार से उम्मीद बढ़ गई है कि जल्द ही डीए का फैसला लिया जाएगा।
वर्तमान में 28 प्रतिशत है डीए
हड़ताल के बाद DA 28 प्रतिशत मिल रहा है। अब इसे 6 प्रतिशत और बढ़ाया जा सकता है। हाल ही में केंद्र सरकार ने डीए में चार प्रतिशत की वृद्धि की है। इसके बाद अब केंद्र सरकार के कर्मचारियों का डीए 38 प्रतिशत हो गया है। केंद्र सरकार के फैसले के बाद पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश और कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान में भी चार प्रतिशत डीए में वृद्धि कर दी गई है। कर्मचारियों की मांग को देखते हुए छत्तीसगढ़ में भी राज्य सरकार ने अब डीए में वृद्धि करना तय कर लिया है। दिवाली में राज्य के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा मिल सकता है।
Published on:
09 Oct 2022 06:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
