
बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत (Photo Patrika)
Kangana Ranaut in Raipur:रायपुर में शुक्रवार को फिल्म और राजनीति जगत की एक खास मुलाकात का गवाह बनने जा रही है। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत अपनी आगामी फिल्म भारत भाग्य विधाता की पहली विशेष स्क्रीनिंग में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर शहर में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कंगना रनौत का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पद्मश्री सम्मानित अभिनेता एवं विधायक अनुज शर्मा रायपुर महापौरमीनल चौबे सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर समर्थकों ने फूल-मालाओं और गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया।
शहर के जोरा स्थित मॉल में फिल्म भारत भाग्य विधाता की पहली स्क्रीनिंग आयोजित की जा रही है। इस विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदे साय समेत राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन और आयोजकों ने व्यापक तैयारियां की हैं। फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। स्क्रीनिंग के बाद वे मीडिया प्रतिनिधियों और दर्शकों से संवाद करेंगे तथा फिल्म के निर्माण, विषयवस्तु और संदेश को लेकर अपने विचार साझा करेंगे। फिल्म से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं की मौजूदगी कार्यक्रम को और भी खास बना रही है।
भारत भाग्य विधाता’ एक प्रेरणादायक फिल्म बताई जा रही है, जो 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद देश के स्वास्थ्यकर्मियों, सुरक्षा बलों और आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों की बहादुरी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को पर्दे पर प्रस्तुत करती है। फिल्म उन गुमनाम नायकों की कहानियों को सामने लाने का प्रयास करती है, जिन्होंने संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सुरक्षा और सहायता की।
फिल्म की विषयवस्तु और कंगना रनौत की मौजूदगी के कारण रायपुर में इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म प्रेमियों के साथ-साथ राजनीतिक हलकों की भी इस आयोजन पर नजर बनी हुई है। कार्यक्रम में फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति जगत की कई प्रमुख हस्तियां एक ही मंच पर दिखाई देंगी, जिससे यह आयोजन चर्चा का केंद्र बन गया है। रायपुर में आयोजित इस विशेष स्क्रीनिंग को छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक और सिनेमाई परिदृश्य के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Updated on:
08 Jun 2026 04:28 pm
Published on:
08 Jun 2026 04:28 pm
