
रायपुर ऑक्टोपस बार में आग (photo source- Canva)
Octopus Bar Fire: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित ऑक्टोपस बार के पास मंगलवार देर रात करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग एक हार्डवेयर दुकान में लगी, लेकिन कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया और ऑक्टोपस बार सहित आसपास की चार दुकानों और पास के होटल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि तेज बारिश भी इसे रोक नहीं सकी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सुबह तक घटनास्थल से धुआं उठता रहा।
तेलीबांधा थाना प्रभारी (टीआई) अजय झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग की शुरुआत हार्डवेयर दुकान से होना सामने आया है। हालांकि आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
हार्डवेयर दुकान में लगी आग तेजी से फैलते हुए ऑक्टोपस बार समेत आसपास की अन्य दुकानों तक पहुंच गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुकानों में रखा सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया। आसपास खड़े कई वाहन भी आग की चपेट में आ गए और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय रायपुर में बारिश हो रही थी, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल की 13 गाड़ियां लगातार पानी की बौछार करती रहीं, फिर भी सुबह करीब 5:30 बजे तक आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी। सुबह भी बार और हार्डवेयर दुकान से धुआं उठता रहा।
घटना में प्रभावित भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब 1 बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे बिना देर किए दुकान पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि सामान बचाने का कोई मौका नहीं मिला और देखते ही देखते सब कुछ जल गया।
आग की लपटें पास के होटल तक भी पहुंच गईं। होटल में ठहरे लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान निकालने तक का समय नहीं मिला। होटल को भी आग से नुकसान पहुंचा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑक्टोपस बार समेत कम से कम तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। कई वाहन भी जलकर खाक हो गए। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरी रात आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकलकर्मियों ने आसपास की इमारतों तक आग फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। फिलहाल आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर टीम मौके पर तैनात है और कूलिंग का काम जारी है।
Updated on:
29 Jul 2026 08:28 am
Published on:
29 Jul 2026 08:09 am
