रायपुर। Shri krishna Janmashtami : शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। गुरुवार आधी रात मठ-मंदिरों मेें पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार के बीच भगवान का जन्म हुआ। लोगों ने पूरे उत्साह, श्रद्धा के साथ भगवान का जन्मोत्सव मनाया। तिथि को लेकर थोड़ा असमंजस जरूर रहा, लेकिन वैष्णव मत के मुताबिक गुरुवार को ही पर्व मनाया गया। इस मौके पर गोल बाजार इलाके में बड़ी भीड़ दिखी। मंदिरों में रात 9 बजे से ही विशेष पूजन-भजन का आयोजन शुरू हो गया था। 12 बजने से कुछ सेकेंड पहले ही भगवान के जन्म लेने की धार्मिक मान्यता के मुताबिक शंख बजाए गए।