
विधायक ने पूछा, मैडम रिपोर्ट कब मिलेगी तो भड़क उठी लेडी डॉक्टर, कहा- पुलिस बुलाकर अंदर करवा दूंगी
रायपुर . अंबेडकर अस्पताल में एमआरआई रिपोर्ट में देरी करने को लेकर कोंटा विधायक कवासी लखमा और महिला डॉक्टर के बीच तीखी बहस हुई। महिला डॉक्टर ने कथित तौर पर विधायक को पुलिस बुलाकर अंदर कराने की धमकी भी दे दी।
विधायक ने जब अपनी पहचान बताई तो तत्काल एमआरआई रिपोर्ट सौंप दी। घटना मंगलवार की है। दरअसल, लखमा अपने गृहग्राम के वेको सोमड़ा को अस्पताल में इलाज के लिए लेकर आए थे। वह ३ साल पहले बाइक हादसे में घायल हो गया था, इससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। तब से ही उसके सिर में दर्द होता है। १९ दिसंबर को ओपीडी में जांच के बाद उसकी एमआरआई की गई।
मंगलवार को मरीज विधायक के पीए के साथ मरीज अस्पताल पहुंचा, जहां पर डॉक्टर ने उसे एमआरआई रिपोर्ट लाने के कहा, जब वे रिपोर्ट लेने के लिए रेडियोलॉजी विभाग पहुंचे, तो दो घंटे लाइन में लगने के बाद ड्यूटी में मौजूद पीजी स्टूडेंट डॉ. महिमा चौधरी ने उन्हें यह कह कर भगा दिया कि रिपोर्ट तैयार नहीं है।
पीए ने इसकी सूचना विधायक लखमा को दी, तो वे खुद रिपोर्ट की जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचे। उन्होंने रेडियो डायग्नोसिस विभाग में डॉक्टर के केबिन में जाकर पूछा कि रिपोर्ट कब मिलेगी तो महिला डॉक्टर भड़क गई। डॉक्टर ने कथित तौर पर यहां तक कह दिया कि किससे पूछकर केबिन में आए हो। पुलिस बुलाकर अंदर करवा दूंगी।
अधीक्षक ने नहीं उठाया फोन
विधायक लखमा का कहना है कि मेरे द्वारा लाए गए मरीज को बार-बार घुमाया जा रहा था। जब मैं पहुंचा तो रिपोर्ट तुरंत दे दी गई। इसका मतलब है अस्पताल में मरीजों को बेवजह परेशान किया जाता है। इसकी शिकायत करने के लिए जब मैंने अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर विवेक चौधरी को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
कोंटा विधायक कवासी लकमा ने कहा कि मेरे साथ जीवन में पहली बार इस तरह का बर्ताव किया गया है। इससे यह साफ होता है कि अंबेडकर अस्पताल में आम मरीज किस-किस समस्या से जूझते हैं। मेरी बेटी की उम्र की डॉक्टर का इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है।
रेडियो डायग्नोसिस विभाग के एचओडी एसबीएस नेताम ने कहा कि मैं छुट्टी पर था, मैने फोन से जानकारी ली है। अनजाने में विधायक से पीजी छात्रा ने दुव्र्यवहार किया था। जानकारी होने पर उन्होंने माफी मांग ली है। मैं कल अस्पताल जाकर पीजी छात्रा से बात करता हूं।
Updated on:
27 Dec 2017, 12:54 PM IST
Published on:
27 Dec 2017, 11:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.