
रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई (photo source- Patrika)
Ocean Grow Ganja: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कटोरा तालाब के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहली बार ‘ओसियन ग्रो गांजा’ के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय ड्रग नेटवर्क के तार सामने आने लगे हैं।
यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 11 अप्रैल को सूचना मिली थी कि कटोरा तालाब के पास एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रितिक पसरिचा (26 वर्ष) बताया, जो मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के मोवा इलाके में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके बैग से अलग-अलग पैकेटों में गांजा और ‘ओसियन ग्रो गांजा’ बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से: 2.870 किलोग्राम गांजा, 114 ग्राम ‘ओसियन ग्रो गांजा’, 3000 रुपये नकद, Apple iPhone, प्लास्टिक जिपर पन्नी, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3.62 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ड्रग नेटवर्क की गहराई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली से कुरियर के जरिए गांजा और ‘ओसियन ग्रो गांजा’ मंगवाता था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब संबंधित कुरियर कंपनियों से भी पूछताछ कर रही है, जिससे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। पुलिस अब इस मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है।
संभावना जताई जा रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपी भी जल्द पुलिस के शिकंजे में आ सकते हैं। वहीं बताया जा रहा है कि रायपुर में इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि नशे का नेटवर्क अब नए तरीकों— जैसे कुरियर—का इस्तेमाल कर रहा है। पुलिस की यह कार्रवाई न केवल एक बड़ी सफलता है, बल्कि यह शहर में फैलते नशे के खिलाफ एक सख्त संदेश भी है।
Updated on:
12 Apr 2026 05:51 pm
Published on:
12 Apr 2026 05:51 pm
