
राजधानी अस्पताल में आग से 4 मरीजों की मौत: हादसे पर राहुल गांधी ने जताया दुख, भूपेश सरकार से की यह मांग
रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में राजधानी अस्पताल (Fire in Rajdhani Hospital) के इंसेटिव केयर यूनिट (ICU) में आग लगने से चार मरीजों की मौत पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार से शोकग्रस्त परिवारों को इस कठिन समय में हर संभव मदद की अपील की है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, रायपुर में अस्पताल के ICU में आग लगने की खबर दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों को मेरी संवेदनाएँ। राज्य सरकार से अपील है कि शोकग्रस्त परिवारों को इस कठिन समय में सभी सहायता दी जायें।
शहर के राजधानी अस्पताल के इंसेटिव केयर यूनिट (ICU) में शनिवार शाम को भीषण आग लग गई। इससे चार मरीजों की मौत हो गई। एक महिला की जलने से जान गई और तीन की दम घुटने से मौत होना बताया जा रहा है। एक मरीज लापता है। घटना के वक्त अस्पताल में कोरोना संक्रमित 40 मरीज भर्ती थे। आगजनी से पूरे अस्पताल में अफरातफरी मच गई।
कोरोना संक्रमित होने के कारण कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। मरीजों को उनके परिजनों ने ही बाहर निकाला और अन्य अस्पतालों में लेकर गए। प्रशासन और पुलिस का अमला दूर से ही निर्देश देता रहा। अधिकांश मेडिकल स्टाफ भी अपनी जान बचाने के लिए भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड और पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे बाद आग को बुझाया जा सका। आगजनी से आईसीयू यूनिट पूरी तरह जलकर खाक हो गई। अन्य वार्ड जल गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
18 Apr 2021 10:14 am
Published on:
18 Apr 2021 10:07 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
