1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Raipur Double Murder News: बर्खास्त पुलिसकर्मी ने पत्नी और बेटी को कुल्हाड़ी से काट डाला, फिर थाने में किया सरेंडर

Raipur Double Murder News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। यहां एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। आखिर आरोपी ने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया, आइए जानते हैं पूरा मामला...

2 min read
Google source verification
रायपुर में डबल मर्डर से सनसनी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर में डबल मर्डर से सनसनी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Raipur Double Murder News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। सेमरिया इलाके में एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना विधानसभा थाना क्षेत्र की है, जहां आरोपी गुलाब साहू ने आज सुबह करीब 7 बजे इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

Raipur Double Murder News: करीब 4 साल पहले की थी दूसरी शादी

पुलिस के मुताबिक, गुलाब साहू और उसकी पत्नी लता साहू ने करीब चार वर्ष पहले दूसरी शादी की थी। लता की 22 वर्षीय बेटी चित्रा, उसके पहले पति से थी। आरोपी को अपनी सौतेली बेटी के किसी युवक से संबंधों पर भी आपत्ति थी, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जाता है कि लता अपनी बेटी का पक्ष लेती थी, जिससे आरोपी और अधिक आक्रोशित हो जाता था।

गुस्से में आकर टंगिया से हमला

घटना वाले दिन सुबह भी इसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर टंगिया (कुल्हाड़ी) से पहले अपनी सौतेली बेटी चित्रा पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। जब पत्नी लता बीच-बचाव के लिए आई, तो आरोपी ने उसे भी नहीं बख्शा और उस पर भी वार कर उसकी जान ले ली।

खुद थाने पहुंचकर किया खुलासा

इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के कथित संबंधों और घर में हो रहे विवादों से परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पड़ोसियों के अनुसार, घर में आए दिन विवाद की आवाजें सुनाई देती थीं, लेकिन किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि आरोपी इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे देगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है।