
CG Weather Today: अगले 7 दिन भी बरसेंगे बादल (photo-patrika)
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कुछ शहरों में हल्की फुहारों से मौसम सुहावना बना रहा। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों में तापमान 26 डिग्री से बढ़कर करीब 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। पारा बढ़ने से लोगों को हल्की उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी बारिश के आसार जताए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। इसके बावजूद अगले सात दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। लोगों को मौसम में बदलाव के बीच सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान शहर के कुछ हिस्सों में एक-दो बार बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें भी पड़ने की संभावना है। बारिश के कारण मौसम में ठंडक महसूस हो सकती है, हालांकि तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। आज रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लोरमी में सबसे अधिक 14 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं तखतपुर और लालपुर थाना में 8-8 सेमी, कोटाडोल में 7 सेमी तथा रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में इससे कम बारिश हुई।
गुरुवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। राजनांदगांव में 30.5 डिग्री और रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। बारिश के बावजूद कुछ क्षेत्रों में तापमान बढ़ने से उमस का असर देखने को मिल रहा है।
Updated on:
21 Aug 2026 09:11 am
Published on:
21 Aug 2026 09:10 am
