
अनुपम राजीव राजवैद्य / रायपुर . राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया ने ऐसा बयान दे डाला कि पूरा समीकरण ही बदल गया। कांग्रेस ने दावा किया था कि उसे अंतरात्मा की आवाज पर वोट मिलेंगे। लेकिन हुआ यह कि कांग्रेस को जिन चार विधायकों ने समर्थन दिया था, वह उन्हें ही संभाल नहीं सकी।
राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भाजपा की सरोज पांडेय के खिलाफ प्रत्याशी उतार कर ओबीसी और साहू समाज को रिझाने का प्रयास किया था। साथ ही कांग्रेस प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा विरोधी राजनीतिक दलों का गठबंधन बनाने का सोच रही थी। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए कांग्रेस ने बहुजन समाज पार्टी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव में समर्थन मांगा था। दोनों ही पार्टियों ने समर्थन का वादा भी किया था।
अजीत जोगी की पत्नी रेणु समेत 36 वोट ही मिले कांग्रेस को
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की रिक्त एक सीट के लिए 23 मार्च को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय को निर्वाचित घोषित किया गया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी लेखराम साहू को 15 वोट से पराजित किया। चुनाव में 90 में से कुल 87 विधायकों ने अपने वोट डाले। सरोज पांडेय के पक्ष में 51 और लेखराम साहू के पक्ष में अजीत जोगी की पत्नी व कांग्रेस विधायक रेणु जोगी समेत 36 विधायकों के वोट पड़े। भाजपा को निर्दलीय विधायक विमल चोपड़ा के साथ बसपा विधायक केशव चंद्रा का भी वोट मिला। जबकि बसपा ने भाजपा को रोकने के लिए उसके विरोध में वोट डालने का एेलान किया था।
जोगी ने खेला बड़ा दांव, कांग्रेस हुई चित
राज्यसभा के चुनाव के लिए विधानसभा में दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा। विधायक अमित जोगी ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की घोषणा की थी, लेकिन चुनाव के दिन बड़ा दांव खेल दिया। उन्होंने कांग्रेस के सामने शर्त रखी कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पी.एल. पुनिया ने उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के खिलाफ जो अपमानजनक टिप्पणी की है, उसके लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें, तभी वे मतदान में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस ने शर्त नहीं मानी, तो अमित जोगी, आर.के. राय और सियाराम कौशिक ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। कांग्रेस सांसद और प्रदेश प्रभारी पुनिया ने पिछले दिनों बयान दिया था कि कांग्रेस से जयचंद चले गए हैं।
रमन सिंह बोले- कांग्रेस विभाजित है
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इस चुनाव से स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस विभाजित है। इसके कारण उनके वोटों में कमी आई है। जबकि भाजपा एकजुट थी, है और रहेगी। सरोज पांडेय को जीत के लिए बधाई।
जोगी भाजपा की बी टीम : सिंहदेव
कांग्रेस विधायक दल के नेता टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि भाजपा संख्या बल के आधार पर जीत गई है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष के आश्वासन के बाद एक वोट कम हुआ है। अमित जोगी ने घोषणा के बाद भी वोट नहीं दिया। इससे साबित होता है कि वो भाजपा के प्रभाव में हैं और भाजपा की बी टीम में शामिल हैं।
Published on:
24 Mar 2018 08:00 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
