6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बलौदाबाजार पुलिस ने किया नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़

छग आबकारी का नकली होलोग्राम वाला ढक्कन का किया जा रहा था उपयोग, सालभर में 40 लाख रुपयों की नकली शराब बेच चुके हैं आरोपी
3 min read
Google source verification
बलौदाबाजार पुलिस ने किया नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़

बलौदाबाजार पुलिस ने किया नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। ग्राम कुम्हारी में नकली शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने फैक्ट्री से नकली होलोग्राम वाले ढक्कन, नए 200 लीटर सॉल्वेंट व शराब की शीशियां, एक इक्को वाहन व एक मोबाइल बरामद किया है। मामले में एक आरोपी भरत ठाकुर पिता गोटीलाल ठाकुर (38) निवासी ग्राम कुम्हारी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं भरत को सॉल्वेंट. नकली होलोग्राम वाले ढक्कन व स्टीकर उपलब्ध कराने वाला नागपुर निवासी उमेश की गिरफ्तारी शेष है। चौकी लवन में धारा 34 (2), 36, 59 (क) आबकारी एक्ट पंजीबद्ध कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुसिल से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों द्वारा शराब बेचने के लिए छग आबकारी का नकली होलोग्राम वाला ढक्कन का उपयोग किया जा रहा था। शराब में सील लेबल दिखाने के लिए नकली स्टीकर लगाने का काम करते थे। आरोपियों ने 2 साल पहले से 50 हजार नकली ढक्कन का स्टाक कर रखा था तथा देशी मसाला व सादा शराब में छग शासन का नकली होलोग्राम व स्टिकर लगाकर बेचने का काम करते थे। आरोपियों ने एक पौव्वा को 100 रुपए की दर से बेचते हुए सालभर में लगभग 40 लाख रुपयों की नकली शराब बेच चुके हैं।
नकली शराब बेचने की मिल रही थी शिकायत
क्षेत्र के आसपास पिछले काफी दिनों से नकली शराब बेचने की शिकायत प्राप्त हो रही थी। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा ने थाना प्रभारी कसडोल आशीष राजपूतए थाना प्रभारी पलारी प्रमोद सिंह एवं चौकी प्रभारी लवन बी. के. सोम के उनके नेतृत्व में टीम बनाकर उक्त शिकायत की जांच कर नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने के लिए निर्देशित किया गया। बुधवार 29 तारीख को चौकी क्षेत्र के ग्राम कुम्हारी में आरोपी भरत सिंह ठाकुर के घर में रेड कार्रवाई की गई। पुलिस ने जब आरोपी भरत ठाकुर के घर में प्रवेश किया तो नकली शराब बनाने की इस फैक्ट्री को देखकर पुलिस भी दंग रह गई। इस नकली शराब की पैकिंग लेबल बिल्कुल राज्य की शराब दुकानों में बिक्री होने वाले शराब की हूबहू नकल थी। नकली शराब की पैकिंग होने बाद इसे एक बार में पहचानना बहुत मुश्किल है।
नकली शराब बनाने की योजना
आरोपी भारत ठाकुर पूर्व में देशी शराबभट्टी रोहांसी और लवन में काम करता था, जिस कारण उसे शराब के विक्रय लेबल आदि के संबंध में पूरी जानकारी थी। दो साल पहले उसकी मुलाकात नागपुर में निवासरत उमेश कुमार नामक व्यक्ति से हुई। उमेश कुमार पहले से ही नागपुर में नकली शराब बनाने का अवैध कार्य कर रहा है। उमेश कुमार के माध्यम से भरत ठाकुर ने शराब पैकिंग के लिए नकली होलोग्राम वाला ढक्कन,नए स्टीकर वसॉल्वेंट लेकर ग्राम कुम्हारी आया।
वारदात का तरीका
सभी सामान को इक_ा कर भरत ठाकुर ने अपने घर में नकली शराब बनाने की फैक्ट्री प्रारंभ की। एक ड्रम सॉल्वेंट में आरोपी द्वारा 3 ड्रम नकली शराब का निर्माण किया जाता था। 2 साल पहले से आरोपी ने लगभग 50 हजार से ज्यादा की संख्या में नकली होलोग्राम वाला ढक्कन लाकर घर में रखा था जो कि पिछले 2 सालों में अवैध रूप से नकली शराब का निर्माण कर क्षेत्र में खपा रहा था। पुलिस की रेड कार्रवाई में लगभग 3 हजार ढक्कन बरामद हुआ। आरोपी द्वारा नकली शराब का एक पौव्वा 100 की दर से क्षेत्र में बेचा जा रहा था। इस हिसाब से आरोपी द्वारा सालभर में लगभग 40 लाख रुपए का नकली शराब क्षेत्र में बेचा जा चुका है। आरोपी द्वारा नकली शराब बनाने के लिए 1 लीटर सॉल्वेंट में 2 लीटर पानी, कलर तथा गुड़ की चाशनी मिलाकर शराब बनाया जाता था। नकली होलोग्राम वाला ढक्कन से शीशी पैकिंग के बाद नकली स्टीकर से लेवल का काम बड़ी सफाई से किया जाता था, जिससे शराब की शीशी बिल्कुल असली लगे। खुशकिस्मती यह रही कि इस शराब का लोगों में किसी प्रकार का दुष्परिणाम नहीं आया वरना नकली शराब पीने से लोगों के शरीर में दुष्प्रभाव होने से स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। बलौदाबाजार पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध कार्य, मिलावट आदि की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि लोगों के स्वास्थ्य व जानमाल की रक्षा की जा सके।
आरोपी से जब्त सामान
350 पौव्वा देशी मदिरा मसाला का लेबल लगा हुआ शराब ( 63 बल्क लीटर, कीमत 31500 रुपए), एक बोरी में 112 नग खाली शीशी, एक बोरी में आधा भरी हुई पीले रंग का ढक्कन, एक थैली में 60 नग नीले रंग का ढक्कन, चार पैकेट नकली होलोग्राम का पैकेट, एक नीले रंग की 200 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक ड्रम में 200 लीटर सॉल्वेंट, एक इक्को वाहन क्रमांक सीजी 22 यू 3127 व एक मोबाइल।