
9 हाथियों के बीच घुसकर इस शख्स ने ली सेल्फी, फिर जो हुआ.. लोगों की कांप गई रूह
रायपुर/जशपुरनगर/पत्थलगांव. सोशल मीडिया में ज्यादा लाइक्स के चक्कर में एक शख्स 9 हाथियों के दल के बीच घुस गया। इसके बाद फ्लैश चमकाते हुए सेल्फी ले ली। शख्स की ये सब हरकत देख हाथियों का गुस्सा भड़क गया। भड़के हाथियों के दल ने चिंघाड़ लगाते हुए युवक को सेल्फी के बदले में दर्दनाक मौत दे दी।
दरअसल जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र के पाकरगांव हड्डी गोदाम में शनिवार सुबह एक युवक ने हाथियों के साथ सेल्फी लेने के चक्कर में जान गंवा दी। वन कर्मचारियों के मुताबिक जीवन कुजूर सेल्फी लेने के दौरान हाथियों के बहुत नजदीक पहुंच गया था। तभी हाथियों ने उसे अपने पैरों से कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक पाकरगांव में शनिवार को सुबह लगभग 5 बजे 9 हाथियों का दल पहुंचा था।
बार-बार समझाया लेकिन नहीं माना..
गांव के करीब आए हाथियों को देखने के लिए भीड़ लग गई थी। ग्रामीण मोबाइल फोन से हाथियों का फोटो लेने लगे। उधर, वन अमला भी वहां पहुंच गया। उसने ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक नहीं जाने की बार-बार समझाइश भी दी। वन परिक्षेत्राधिकारी कृपा सिंधु पैंकरा ने बताया कि ग्रामीणों को हाथियों के पास नहीं जाने व सेल्फी लेने से मना किया जा रहा था। लेकिन ग्रामीण इसे नजरअंदाज करते रहे। पैंकरा ने बताया कि चौरामा निवासी जीवन कुजूर के परिजनों को तत्काल 25 हजार की आर्थिक सहायता दी गई।
भगाने से आक्रामक हो गए हाथी
ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों का आना-जाना लगा हुआ है। रोजाना किसी गांव में हाथी घुस जाते हैं। हाथी जहां पहुंचते हैं, वहां भीड़ लग जाती है। इसी दौरान फोटो और सेल्फी लेने लगते हैं। उधर हाथियों को खदेडऩे का काम भी शुरू हो जाता है। इससे वे आक्रमक हो जाते हैं और उनके पास जाने से वे हमला भी कर देते हैं।
सेल्फी लेने रोकने के लिए बुलानी पड़ी पुलिस
पाकरगांव में वन अमला हाथियों को भगाने में लगा हुआ था। लोग फोटो और सेल्फी लेने के चक्कर में बार-बार हाथियों के करीब जा रहे थे। ग्रामीणों को सेल्फी लेने से मना करने के लिए वन अमले को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। वहीं घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को हाथियों के पास नहीं जाने के लिए समझाने लगी।
वन अमले द्वारा ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की लगातार हिदायत दी जा रही है। पाकरगांव में 9 हाथियों का दल पहुंचा था। उसे ग्रामीणों की मदद से जंगल की ओर खदेड़ा गया है।
कृपासिंधु पैंकरा, वन परिक्षेत्राधिकारी, पत्थलगांव
Updated on:
30 Sep 2018, 8:45 PM IST
Published on:
30 Sep 2018, 8:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.