17 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हिंदी शिक्षक पढ़ा रहे अंग्रेजी, साइंस टीचर ले रहे आर्ट्स की क्लास, छत्तीसगढ़ के आत्मानंद स्कूलों में ऐसे चल रही पढ़ाई

Chhattisgarh Education News: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया अटकने से शिक्षकों की भारी कमी हो गई है। कई स्कूलों में हिंदी माध्यम के शिक्षक अंग्रेजी और साइंस शिक्षक आर्ट्स की कक्षाएं ले रहे हैं।
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh Atmanand School

आत्मानंद स्कूलों में शिक्षकों का संकट (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Atmanand School: छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ ही स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की कमी का असर पढ़ाई पर साफ दिखने लगा है। स्कूल शिक्षा विभाग ने कई जिलों में भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी, जिसके कारण स्कूलों में बड़ी संख्या में शिक्षक पद खाली हैं। अब इसका खामियाजा सीधे विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।

हालात ऐसे हैं कि कई स्कूलों में हिंदी माध्यम के शिक्षक अंग्रेजी माध्यम के बच्चों को पढ़ा रहे हैं। वहीं, जहां आर्ट्स के शिक्षक नहीं हैं, वहां साइंस के शिक्षक ही उनकी कक्षाएं ले रहे हैं। कई जगह एक-एक शिक्षक को रोज 6-6 पीरियड पढ़ाने पड़ रहे हैं, ताकि कोई क्लास खाली न रहे।

Chhattisgarh Education: सरकार ने कहा था 14 जुलाई तक होगी भर्ती

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पहले भर्ती प्रक्रिया रद्द कर केंद्रीकृत भर्ती कराने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि 14 जुलाई तक नई भर्ती पूरी कर ली जाएगी। लेकिन तय तारीख गुजरने के बाद भी भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इससे स्कूलों में शिक्षकों की कमी और बढ़ गई है।

प्रदेश में करीब 50 हजार पद खाली

शिक्षा विभाग के जानकारों के मुताबिक राज्य में शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक के करीब 50 हजार पद रिक्त हैं। हाल ही में 5 हजार पदों पर भर्ती की बात कही गई थी और अक्टूबर में परीक्षा कराने की घोषणा भी हुई थी, लेकिन अब तक न आवेदन निकले हैं और न ही भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हुआ है।

राजधानी के स्कूलों का हाल

पीएमश्री हरिहर शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, गोबरा-नवापारा के प्राचार्य दानी फाखरा का कहना है कि अंग्रेजी माध्यम के शिक्षक नहीं होने से हिंदी माध्यम के शिक्षक ही अंग्रेजी के छात्रों को पढ़ा रहे हैं। यहां तक कि योग शिक्षक भी कक्षाएं ले रहे हैं ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

वहीं, कांशीराम शर्मा शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, भनपुरी की प्राचार्य अभिलाषा इंदवार ने बताया कि स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी है। हिंदी माध्यम में आर्ट्स का एक भी शिक्षक नहीं है, इसलिए साइंस के शिक्षक आर्ट्स की कक्षाएं ले रहे हैं। स्कूल में फिलहाल 13 शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि 11 पद अभी भी खाली हैं। एक-एक शिक्षक को 6 तक कक्षाएं संभालनी पड़ रही हैं।

स्वामी आत्मानंद स्कूलों में भर्ती के लिए टेंडर किया जाएगा। अभी उसकी प्रक्रिया चल रही है। जेम पोर्टल से टेंडर किया जा रहा है। सीधी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। एजेंसी के माध्यम से जल्द ही भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी- अशोक बंजारा, उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय

राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता की बात करती है लेकिन धरातल में स्कूलों की व्यवस्था और शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षा व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। स्कूल शिक्षा मंत्री ने स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 14 जुलाई तक शिक्षकों की नियुक्ति का वादा किया था लेकिन उनका वादा पूरा नहीं हो सका है। इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है- अनिल शुक्ला, पूर्व प्राचार्य, प्रांताध्यक्ष छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस

बड़ी खबरें

View All

रायपुर

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग