
दुर्ग . जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अजीत प्रमोद कुमार जोगी के भ्रमण के लिए लीज पर लिए हेलीकॉप्टर रायपुर से गायब हो गया है। हेलीकॉप्टर को रायपुर में रखा गया था। इस हेलीकॉप्टर को जोगी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व ट्रांसपोर्टर प्रकाश देशलहरा के पुत्र पीयूष देशलहरा ने एक साल की लीज पर लिया था। उन्हें आशंका है कि हेलीकॉप्टर को कंपनी के लोग ही ले गए हैं।
पीयूष ने दिल्ली की कं पनी एसएआर एवीशेन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए सिटी कोतवाली में एक सप्ताह पहले लिखित शिकायत की है। इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हेलीकॉप्टर रायपुर से गायब है। इसलिए उसमें किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा सकती। अनुबंध नियमों का उल्लघन करने की बात आवेदन में आई है। इस विषय की जांच की जाएगी। इसके लिए संबंधित कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा। उसका पक्ष सुनने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हेलीकॉप्टर का लीज रेंट एक वर्ष के लिए था। उसे सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से रायपुर में रखा गया था। हेलीकॉप्टर को लाने से पहले 69 लाख रुपए का भुगतान कंपनी को किया गया था। इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि कंपनी ने हेलीकॉप्टर को वापस ले लिया है। वापस लेने की जानकारी कंपनी ने विधिवत नहीं दी थी। अब कंपनी पर कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
शिकायत में पीयूष ने पुलिस को जानकारी दी है कि अनुबंध के आधार पर हेलीकॉप्टर को दिल्ली से दुर्ग लाया गया था। जब तक लीज समाप्त नहीं हो जाता तब तक हेलीकॉप्टर पर उनका अधिकार था। हेलीकॉप्टर को दिल्ली से लाने के बाद महज 25 घंटा उपयोग किया गया। घंटा के हिसाब से अगर हिसाब किया जाए तो केवल 15 लाख का बिल बनता है। शेष राशि कंपनी को नियमत: लौटाना चाहिए।
जोगी कांग्रेस के नेता पायल ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालक प्रकाश देशलहरा ने हेलीकॉप्टर लाने के बाद उसका ट्रायल पुलगांव क्षेत्र में किया गया था। उन्होंने शिवनाथ नदी एनीकट के आसपास लगभग दो घंटा ट्रायल लिया था। तब उन्होंने कहा था कि वर्तमान में सडक़ मार्ग में ट्रैफिक बढ़ चुका है। जल्द ही वे प्रदेश स्तर पर हेलीकॉप्टर की सुविधा यात्रियों को देंगे।
सिटी कोतवाली के टीआई भावेश साव ने कहा हमारे पास शिकायत आई है कि लीज पर लिया हेलीकॉप्टर रायपुर से गायब है। शिकायकर्ता पीयूष देशलहरा को आशंका है कि हेलीकॉप्टर को दिल्ली की कंपनी ने बिना सूचना दिए वापस ले लिया है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि उन्हें कंपनी से 54 लाख रुपए वापस लेना है।
जोगी कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री प्रकाश देशलहरा ने कहा हेलीकॉप्टर को मेरे बेटे पीयूष ने लाया था। इसका हिसाब किताब वहीं रखता है। मैनें थाना में किसी तरह की शिकायत नहीं की है। वर्तमान में वह शहर से बाहर गया हुआ है। इस बारे में मुझे कुछ जानकारी नहीं है।
शिकायत कर्ता पीयूष देशलहरा ने कहा मैने सिटी कोतवाली में शिकायत की है। हेलीकॉप्टर को जिस कंपनी से लाया गया था, उसी कंपनी ने बिना जानकारी के वापस ले लिया है। यह अपराध की श्रेणी में आता है। मैने कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निवेदन किया है।
Updated on:
29 Mar 2018 11:46 am
Published on:
28 Mar 2018 11:37 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
