
minister karan sing verma (सोर्स- करण सिंह वर्मा सोशल मीडिया)
mp news: मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लाड़ली बहना योजना से महिलाओं के नाम कटवाने की धमकी देने वाले सरकार के मंत्री करण सिंह वर्मा के बोल बदल गए हैं। बयान देने के एक दिन बाद ही मंत्री करण सिंह वर्मा ने पलटी मारते हुए कहा है कि उनके भाव ऐसे नहीं थे, किसी का नाम नहीं कटेगा और फिर भी कोई त्रुटि हुई है तो मुझे क्षमा करें। मंत्री करण सिंह वर्मा शुक्रवार को राजगढ़ पहुंचे थे और जब उनसे प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने लाड़ली बहना वाले बयान पर सवाल किया तो उन्होंने अपने ही बयान से यू-टर्न ले लिया।
राजगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब मीडिया ने करण सिंह वर्मा से एक दिन पहले सीहोर में कार्यक्रम के दौरान लाड़ली बहना योजना से महिलाओं के नाम कटवाने वाले बयान पर सवाल किया तो मंत्री करण सिंह वर्मा ने अपने बयान से पलटी मार ली। उन्होंने लाड़ली बहनों से माफी मांगते हुए कहा है कि मेरे भाव ऐसे नहीं थे। दुनिया की कोई ताकत न उनके नाम काट सकती है न ही उनकी राशि रोक सकती है। पूरा वीडियो देखेंगे तो समझेंगे, मैंने उन्हें भोजन पर आमंत्रित करने को कहा था, नाम काटने की कोई बात नहीं है। फिर भी गलती हुई हो तो मैं क्षमा मांगता हूं।
देखें वीडियो-
बता दें कि एक दिन पहले सीहोर जिले के धामंदा में नवीन उप-स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण करने पहुंचे राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा कार्यक्रम में महिलाओं की उपस्थिति कम देखकर भड़ गए थे। तब उन्होंने कहा था कि यहां 894 लाड़ली बहनाओं को योजना में हर माह 1500 रुपए दिए जा रहे हैं। इसके बाद भी सरकारी कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति कम नजर आ रही है। मंत्री ने आगे कहा था कि सीईओ से बात कर एक दिन सभी लाड़ली बहनों को बुलाऊंगा। यदि उस दिन भी वे कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हुईं तो रिपोर्ट भिजवाकर योजना से नाम कटवा दूंगा। एक दिन सभी को बुलाकर आगे रिपोर्ट दे देंगे तो एमपी की इस योजना से नाम कट जाएगा। मंत्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा, जिससे पैसा लेते हो उसका बोलो भी।
Updated on:
06 Feb 2026 06:07 pm
Published on:
06 Feb 2026 06:07 pm
