
heart attack case: बदली हुई जीवन शैली और केमिकल युक्त खानपान की वजह से आज के समय में हार्ट अटैक का खतरा बहुत बढ़ गया है। तनाव की वजह से खासकर युवाओं को इन दिनों हार्ट अटैक बहुत आ रहा है । इस प्राण घातक बीमारी का तात्कालिक या प्राथमिक उपचार के लिए शहर की समाजसेवी संस्था उदयाचल द्वारा एक जीवन रक्षक किट लोगों को बहुत ही कम दाम में दिया जा रहा है।
वैसे तो बाजार में इन दवाइयों की कीमत सौ रुपए तक होगी, लेकिन उदयाचल संस्था द्वारा इसे लोगों को मात्र 5 रुपए में दिया जा रहा है, जो कि बहुत ही सराहनीय पहल है। उदयाचल संस्था द्वारा इस तरह समाज की भलाई के लिए आए दिन कार्य करते रहता है। 3 जनवरी से इस किट को उदयाचल नेत्र चिकित्सालय में वितरण किया जा रहा है। दो दिनों में लगभग एक हजार से अधिक लोगों ने लिया है।
लोग इस किट को लेने के लिए सुबह से अस्पताल में लाइन लगा रहे हैं। इसे हृदय रक्षक किट का नाम दिया गया है। इसे घर-घर पहुंचाने के लिए उदयाचल संस्था से जुड़े लोगों के अलावा शहर के व्यापारी, कुछ दानदाता और उद्यमी लोग सामने आ रहे हैं। उदयाचल मेडिकल शॉप से एक व्यक्ति को 5 से ज्यादा किट नहीं दी जा रही।
अस्पताल पहुंचने का नहीं मिलता समय
उदयाचल संस्था के संरक्षक व पद्श्री डॉ. पुखराज बाफना बताते हैं कि किसी भी व्यक्ति को जब हार्ट अटैक आती है, तो अस्पताल तक पहुंचने तक समय नहीं होता। ऐसे में यदि इसके लक्षण यदि दिखाई दे तो इस दवाई को लेने के बाद संबंधित मरीज को अस्पताल पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। इसलिए इस किट को हृदय रक्षक किट का नाम दिया गया है। डॉ. बाफना बताते हैं कि दिन की शुरुआत गुनगुने पानी पीकर करें। रोजाना मुख्य भोजन में सलाद शामिल करें। मीठा पसंद हो तो इसे मौसमी फल लेकर रिप्लेस करें। रोजाना 7 से 8 घंटे नींद ले। योगा, व्यायाम या शारीरिक गतिविधियों को बढ़ाएं। सब चीज भूलकर रोजाना बच्चों के साथ 30 से 40 मिनट खेलें।
लक्षण क्या हो सकते हैं
छाती में दर्द, दर्द बाएं हाथ की ओर बढ़े, पीठ या गर्दन में तेज दर्द, अधिक पसीना आना, घबराहट, हाई बीपी इसके प्रमुख लक्षण हैं।
किट में तीन दवाई
हृदय रक्षक किट में तीन दवाई है, 1. सॉर्बिट्रेट (जीभ के नीचे रखना है) 2. इकोस्प्रिन 3. अटोरवास्टेटिन (ये दोनों दवाई साथ में लेना है)
किसे हो सकता है
अधिक तनाव लेने वाले, मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर वाले, पहले कभी अटैक हुआ हो, फैमिली हिस्ट्री, कोरोना के मरीज व बुजुर्ग लोगों को अटैक आने की संभावना रहती है। ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
Published on:
5 Jan 2024, 1:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.