
राजनांदगांव. महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति हॉकी प्रतियोगिता के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संस्कारधानी एवं खेल नगरी राजनांदगांव की जनता ने शहर की पहचान हॉकी खेल को निरंतर अपना स्नेह दिया है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव शहर वासियों के अपार स्नेह, लगाव एवं इस खेल के प्रति अनुराग के कारण राजनांदगांव शहर में आयोजित होने वाली महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता ने निरंतर फलीभूत होकर आज भव्य एवं व्यापक रूप ले लिया है। इस दौरान उन्होंने गौरवशाली प्रतियोगिता के पत्रिका की स्पेशल कवरेज को भी देखा। आयोजकों ने ग्राउंड के बाहर पत्रिका की न्यूज के बैनर लगाकर प्रदर्शित किया था। जिसे सीएम ने खूब सराहा।
डॉ. सिंह ने शहर की जनता से इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता को शुरूवाती दौर से लेकर आज तक मिल रहे सहयोग एवं अपनत्व की भी भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं अतिथियों ने अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल मैच का भी लुत्फ उठाया। अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी वीणा सिंह भी मौजूद थीं।
डॉ. सिंह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में निर्मित टेनिस कोर्ट एवं आकर्षक व सर्वसुविधायुक्त स्वीमिंग पूल का भी लोकार्पण किया गया। अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का यह परिसर स्मार्ट कॉप्लेक्स के रूप में विकसित हो रहा है। इसके लिए उन्होंने शहर की जनता को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल नगरी राजनांदगांव में इसी तरह बेहतरीन हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन होता रहे एवं राजनांदगांव की इस सरजमी से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलते रहे।
मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के विजेता एवं उप विजेता टीमों को ट्राफी एवं नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी वीणा सिंह ने नगर में पहली बार आयोजित महिला हॉकी प्रतियोगिता के विजेता एवं उप विजेता टीम के खिलाडिय़ों को ट्राफी एवं नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने आज अंतरराष्ट्रीय हॉकी परिसर में स्वीमिंग पुल और टेनिस कोर्ट का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीन करोड़ 15 लाख रुपए की राशि से स्वीमिंग पुल का निर्माण कराया गया है। साथ ही 39 लाख रुपए की लागत से टेनिस कोर्ट का शुभारंभ भी किया गया है। दिग्विजय स्टेडियम के रिनोवेशन का कार्य भी हो रहा है। शासन की मंशा है कि खिलाडिय़ों को हर संभव सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि शासन खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वीमिंग पुल 21 लाख लीटर जलभराव क्षमता का है। इसका क्षेत्रफल 3690 वर्गमीटर है। इसमें ओजोनेशन एवं क्लोरिनेशन के लिए फिल्टर लगाया गया है।
आयोजन में ये रहे मौजूद
आयोजन में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी वीणा सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, खूबचंद पारख, लीलाराम भोजवानी, अशोक शर्मा, नीलू शर्मा, शोभा सोनी, अकरम कुरैशी, विधायक सरोजनी बंजारे, विक्रम सिसोदिया, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, सचिन बघेल, शिव वर्मा, बल्देव सिंह भाटिया, जिशान अली, नरेश डाकलिया, विजय पांडे, विनोद खांडेकर, नीलम जैन, फिरोज अंसारी मुख्य रूप से मौजूद थे। इस दौरान सीएम पत्रिका राजनांदगांव की हॉकी प्रतियोगिता पर स्पेशल कवरेज को देखा। साथ ही पत्रिका टीम को शुभकानाएं देते हुए बेहतर रिपोर्टिंग के लिए सराहा.
इन्होंने दिया पुरस्कार
प्रतियोगिता की विजेता टीम को स्टेडियम समिति द्वारा आकर्षक रजत कप व बल्देव सिंह भाटिया द्वारा प्रदत्त 2 लाख रूपये एवं उपविजेता टीम को रजत कप व बहादुर अली द्वारा प्रदत्त 1.50 लाख रूपए, सर्वश्रेष्ठ स्थानीय टीम का पुरस्कार राजेश नागवंशी द्वारा डीएचए राजनांदगांव को, राजेश जैन द्वारा प्रदत्त मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ओएनजीसी के जरमनप्रित सिंह को व मनीष गौतम द्वारा गोलकीपर का पुरस्कार सिकन्दराबाद के मृणाल चौबे को और हॉकी खिलाड़ी अनूप श्रीवास्तव द्वारा अपने पिता स्व. ओमकार प्रसाद श्रीवास्तव की स्मृति में विजेता टीम और माता स्व. दीपा श्रीवास्तव की स्मृति में उप विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की गई।
रेणुका का जिक्र तक नहीं
राजनांदगांव को एस्ट्रोटर्फ की सौगात देने वाले मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह फायनल मैच में भारी भीड़ को देखकर गदगद हो गए। उन्होंने खिलाडिय़ों के लिए जरूरी सुविधाएं जुटाने का भरोसा दिलाते हुए यह जरूर कहा कि यहां से भी अच्छे खिलाड़ी निकलेंगे लेकिन यहां से निकलकर ओलंपिक तक का सफर तय करने वाली रेणुका यादव का उन्होंने जिक्र तक नहीं किया। उनके अलावा आयोजकों ने भी रेणुका का नाम लेना जरूरी नहीं समझा।
डाकलिया का नाम तक नहीं
हॉकी खिलाड़ी रहे पूर्व महापौर और हाऊसिंग बोर्ड के डायरेक्टर नरेश डाकलिया का नाम अतिथियों की सूची में नहीं होने की आयोजन के दौरान चर्चा होते रही। आमतौर पर सत्ताधारी पार्टी के नेताओं के ही नाम आमंत्रण पत्र में प्रकाशित होते हैं और वे ही अतिथि होते हैं, इस बार भी भाजपा के ऐसे लोगों के नाम आमंत्रण पत्र में थे, जो फिलहाल किसी भी सार्वजनिक पद पर नहीं हैं, लेकिन भाजपा मेें होने के बाद भी डाकालिया का नाम नहीं होना आश्चर्यजनक रहा। हालांकि नाम होने के बाद एक हॉकी खिलाड़ी के नाते डाकलिया आयोजन में शामिल हुए और कुछ देर बाद चले गए।
Published on:
05 Jan 2018 01:21 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
