
जनप्रतिनिधि सोशल मीडिया में मस्त आम नागरिक परेशानियों से हैं त्रस्त
राजनांदगांव / डोंगरगांव. डोंगरगांव शहर विकास से कोसों दूर है और जनप्रतिनिधियों की पहल व उदासीनता के चलते चुनावी दावे खोखले होते चले गए। इधर जैसे ही भूले-भटके कोई कार्य प्रस्तावित होता है, तो दोनों दिग्गज पार्टियों में श्रेय लेने की होड़ लग जाती है। विगत दिनों ऐसे ही एक काम के स्वीकृति के बाद सोशल मीडिया में जमकर नोंक-झोक चली थी, जिसमें भाजपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी बात को साबित करने के लिए बहस छेड़ दी थी और आधे-अधूरे लंबित कार्यों की ओर किसी स्थानीय जनप्रतिनिधि का ध्यान नहीं है। नागरिकों में चर्चा का विषय है कि अब जनप्रतिनिधि चुनाव भी सोशल मिडिया में ही लड़ेंगें, जमीनी हकीकत से किसी का कोई वास्ता नहीं है।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी
ज्ञात हो कि विगत दिनों ग्रामों में नल-जल योजना और उच्च स्तरीय पानी टंकी एवं पाईप लाईन विस्तार का कार्य स्वीकृति के लिए ही इस कार्य की जानकारी सहित अखबार की कटिंग सोशल मीडिया में पोस्ट की गई थी। गौरतलब है कि यह पोष्ट दोनों पार्टियों ने किया था। जिस पर अपनी पार्टी-पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को बधाईयां देनी शुरू कर दी जिसके बाद राजनीतिक बहस छिड़ गई और भाजपा ने कांग्रेस पर और कांग्रेस ने भाजपाईयों ने जमकर आरोप-प्रत्यारोप किया। इस मामले में बीजेपी के पार्षद हेमंत चोपड़ा, रोहित गुप्ता तथा अन्य बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बहस किया था, वहीं कांग्रेस से टिकेश साहू, सुयश नाहटा, प्रियंक जैन आदि ने अपनी बात को साबित करने के लिए पूरा जोर दिया था।
श्रेय लेने की होड़ लगी पार्टियों में
मामले में जिला उपाध्यक्ष भाजपा दिनेश गांधी ने विधायक दलेश्वर साहू पर भी आरोप लगाया कि सांसद की अनुशंसा पर विधायक श्रेय ले रहे हैं। जिसके बाद से प्रतिक्रिया तेज हुई है और देखते ही देखते बढ़े इस राजनीतिक युद्ध सोशल मिडिया में लोग आनंद ले रहे थे। एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमाने की आशंका है, जिसमें लोक निर्माण विभाग द्वारा वार्षिक मरमत मद से डोंगरगांव मुख्य मार्ग से मोहड़ पहुंच मार्ग लंबाई एक किमी में डामर नवीनीकरण कार्य के लिए 7 लाख 86 हजार तथा डोंगरगांव से मटिया पहुंच मार्ग लंबाई 140 मीटर के अंतर्गत राजीव गांधी प्रतिमा से बदरूचाल मार्ग में डामर नवीनीकरण कार्य के लिए 5 लाख रूपए कुल 12 लाख 86 हजार के निर्माण कार्य के लिए सहमति प्रदान की गई है।
Published on:
29 Jun 2018 12:24 pm
