16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चारभुजा में किसान सम्मेलन: अशोक गहलोत बोले, काम चाहिए तो रानी को महलों में भेज दो

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

2 min read
Google source verification
Charbhuja Congress Kisan Sammelan

राजसमंद। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने कहा कि अगर राजस्थान में विकास चाहिए तो महलों की रानी को महलों में ही रहने दो, क्योंकि साढ़े चार साल तक वह महलों से नीचे उतरकर जनता के पास नहीं आईं, अब चुनाव आया तो गौरव यात्रा शुरू की।

गहलोत रविवार को चारभुजा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। राजे को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास की बात दोहराती है, लेकिन मेरे कार्यकाल की जो योजनाएं थी, वह सब बंदकर दी, योजनाओं के नाम परिवर्तित कर दिए, निशुल्क दवा योजना की आधी दवाएं बंद कर दी। यह सरकार लोगों को गुमराह करने के अलावा कोई काम नहीं कर रही। जनता से वोट मांगने वाली महारानी जनता के बीच नहीं रुकती हैं, आजतक सर्किट हाउस में नहीं रूकीं क्योंकि वहां जनता से मिलना पड़ेगा, उनके कामों का हिसाब देना पड़ेगा।

शेरनी ने राजस्थान की जनता का शिकार किया: पायलट
प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने आप को शेरनी कहती हैं, शेरनी ने पूरा प्रदेश खा लिया है, राजस्थान की जनता का ही शिकार किया है। उन्होनें कहा आज सब तरफ धरना प्रदर्शन हो रहे हैं, आमजन से लेकर सरकारी कर्मचारी तक दुखी हैं, लोग इस घमंडी सरकार से पीडि़त हैं।

मुख्यमंत्री अपने भाषणों में कहती हैं कि कांग्रेस साढ़े चार साल से सोई थी, लेकिन कोई मुख्यमंत्री से पूछे कि पूर्ण बहुमत के बाद भी क्या उन्हें रात में नींद आती है। यह कांग्रेस की ही देन है कि सरकार को डीजल के दामों में 4 फीसदी का वैट कम करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि भाजपा में ऐसी फूट है कि शाह इधर आते हैं तो राजे उधर जाती हैं। कहा कि सरकार ने गौरवयात्रा सरकारी खर्च पर निकाली, जब कोर्ट ने उस पर रोक लगा दी तो गौरवयात्रा की हवा निकल गई है।

सरकार आई तो किसानों को निशुल्क बिजली: डॉ. जोशी
कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आई तो किसानों को 5 हॉर्सपावर तक लोड वाले किसानों को बिजली मुफ्त दी जाएगी तथा कांग्रेस इसे घोषणापत्र में शामिल करेगी।

उन्होंने कहा कि जब 2003 में राजे ने चारभुजा से यात्रा शुरू की थी, तो यहीं सभा हुई थी, और उन्होंने कांग्रेस को सत्ता से बेदखल किया था, इसबार यहां कांग्रेस ने सभा की है, सत्ता परिवर्तन तो निश्चित है।

सभा को राजस्थान प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने संबोधित करते हुए कहा कि जन्म से लेकर मृत्युु तक की जो योजनाएं संचालित है वह सब कांग्रेस की देन है। आज समय आ गया है कि महारानी के घमंड को तोड़ा आए और सत्ता परिवर्तन हो।

प्रतिपक्ष नेता रामेश्वर डूडी ने कहा कि आज राजस्थान का किसान वर्ग दुखी है। किसानों का 50 हजार तक का कर्ज माफ करने की घोषणा की लेकिन जमीनी स्तर पर 100-50 रुपए ही माफ हुए।