25 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

AAROP : देवगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष व कांग्रेस पर वादाखिलाफी का आरोप

जल्द रेखा सोनी देगी उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा

2 min read
Google source verification
Rajsamand,Rajsamand news,Rajsamand Hindi news,Rajsamand local news,rajsamand news in hindi,rajsamand latest news rajsamand,

देवगढ़. नगर पालिका देवगढ़ की उपाध्यक्ष रेखा सोनी व 3 निर्दलीय पार्षदों ने पालिका अध्यक्ष अंजना जोशी व कांग्रेस पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए अध्यक्ष से समर्थन वापस लेने की घोषणा की है। यहां देवजागरण संस्था के कार्यालय में सोमवार को पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें उपाध्यक्ष सोनी ने बताया कि वर्ष २०१८ के फरवरी माह के अंत में मौजूदा बोर्ड के ढाई वर्ष पूर्ण हो गए तो हमने पूर्व गृहराज्य मंत्री डॉ. लक्ष्मणसिंह रावत एवं अध्यक्ष जोशी से वादा निभाते हुए इस्तिफा देने की मांग की गई। बताया कि इसको लेकर कई बैठकों का दौर दोनों खेमों के बीच चला, टालमटोल करते हुए अंत में अध्यक्ष जोशी ने पद से इस्तिफा देने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अपने वादों पर कभी खरी नही उतर पाई व पूर्व में भी इसी तरह से ढाई-ढाई साल के करार में कांग्रेस के लोग मुकर गए थे। उन्होंने कहा कि इसके बाद हमने यह तय किया है कि आगे हम अध्यक्ष को समर्थन नहीं देंगे और विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। साथ ही जितनी भी कमेटियों में सदस्यता या पद निर्दलीय पार्षदों को दिए गए हैं उनसे भी इस्तिफा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे भी उपाध्यक्ष पद से इस्तिफा देंगी और इस संबंध में लिखित में प्रशासन व संबंधित विभागों को दिया जाएगा। इस दौरान नगर सेवक संस्थान के अध्यक्ष अजय सोनी ने उनके एवं कांग्रेस के बीच हुए समझोते पत्र को सार्वजनिक किया। वार्ता के दौरान निर्दलीय पार्षद लीला वैष्णव, रेखा कलवाडिय़ा, नरेश पानेरी, पंसस. हमराज सिंह, पूर्व पार्षद अनिल धाभाई, भगवत सिंह, हिम्मतसिंह, दिनेश वैष्णव मौजूद थे।

यह था मामला
नगर पालिका के अगस्त २०१५ में हुए चुनाव में भाजपा को ८, कांग्रेस को ७ एवं निर्दलीय खेमे को ५ सीटें मिली थी। इसके बाद १ निर्दलीय भाजपा में चला गया था। किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने पर कांग्रेस नेता व पूर्व गृह राज्य मंत्री डॉ. रावत ने अगुवाई करते हुए निर्दलीयों के साथ सशर्त गठबंधन किया। उसमें यह तय हुआ था कि पहले ढाई वर्ष कांग्रेस की अंजना जोशी पालिका अध्यक्ष रहेगी व बाद के ढाई वर्ष निर्दलीय सोनी अध्यक्ष रहेंगी। इसके बाद जोशी को अध्यक्ष व सोनी को उपाध्यक्ष बनाया गया था।

यह लिखा था समझौता पत्र में
डॉ. रावत द्वारा लिखे गए समझौता पत्र में उन्होंने लिखा था कि मैं लक्ष्मणसिंह रावत पूर्व मंत्री एवं उपाध्यक्ष राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी यह घोषणा व समझौता करता हूं कि यदि निर्दलीय पार्षद रेखा सोनी, बाबूलाल कलवाडिय़ा, नरेश पानेरी एवं लीला वैष्णव हमारी प्रत्याशी अंजना जोशी को देवगढ़ पालिका की चेयरमैन पद पर समर्थन देंगे तो जोशी २१ फरवरी २०१८ को त्यागपत्र देकर सोनी को अगले ढाई वर्ष के लिए चेयरमैन बनवाएंगी। सोनी को २२ अगस्त 2०१५ को हम उपाध्यक्ष के लिए समर्थन देंगे ताकि जोशी के पद त्यागने पर वे स्वत: ही चेयरमैन बनेंगी।

पालिका में मौजूदा स्थिति
कुल वार्ड 20
कांग्रेस- 7
भाजपा- 9
निर्दलीय- 4

पहले भी यही किया
इन्होंने पूर्व में मेरे साथ भी धोखा किया था। इसी तरह का करार हमारे बीच भी हुआ था, लेकिन बाद में रावत मुकर गए थे।
नरपत सिंह किशनावत, पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष देवगढ़

की वादा खिलाफी
मुझे निर्माण कमेटी का अध्यक्ष बनाने का वादा कर मुकर गए, पूरी राजनीति धोखे एवं स्वार्थ पर आधारित है।
लीला वैष्णव, निर्दलीय पार्षद, वार्ड नम्बर १३

अभी मेरे पास जानकारी नहीं
अब तक इस मामले की कोई अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई हैं। अगर कोई ऐसा मामला आता है तो नियमों के अनुसार कार्य निष्पादन किए जाएंगे।
हरेन्द्रसिंह रावत, तहसीलदार (कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी), देवगढ़