
राजस्थान में BJP विधायक पुत्र की दबंगई (फोटो- पत्रिका)
BJP MLA Harisingh Rawat Son Ranjit Singh Bulldozer Action: भीम (राजसमंद): राजसमंद जिले के भीम में 'सियासी रसूख' का खौफनाक चेहरा सामने आया है। जहां आधी रात को चले बुलडोजर ने तीन गरीब परिवारों की बरसों की जमा पूंजी को मलबे के ढेर में बदल दिया।
आरोप किसी साधारण व्यक्ति पर नहीं, बल्कि भाजपा विधायक के पुत्र पर है। पट्टे वाली जमीन, पक्के मकान और उनमें सजा गृहस्थी का सामान…सब कुछ पल भर में मिट्टी में मिला दिया। हद तो तब हो गई जब सबूत मिटाने के लिए घर का मलबा तक ट्रैक्टरों में भरकर गायब कर दिया गया।
भीम उपखंड मुख्यालय के बरतु क्षेत्र में 8 मार्च की रात जेसीबी मशीन से तीन गरीब परिवारों के पक्के मकानों को ध्वस्त करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में 20 मार्च को भीम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार नर्बदा देवी, गीता देवी और रघुवीर सिंह ने नंदावट निवासी विधायक हरि सिंह रावत के पुत्र रणजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
रिपोर्ट में बताया कि तीनों पीड़ितों के भूखंडों पर बने वर्षों पुराने मकानों को रात में जेसीबी से गिरा दिया गया। नर्वदा देवी का मकान वर्ष 2016 में बनाया गया था, जिसका ग्राम पंचायत की ओर से जारी आवासीय पट्टा सब रजिस्ट्रार कार्यालय में पंजीकृत है।
मकान में बने कमरे, पानी का टैंक, सेफ्टी टैंक, स्नानघर व शौचालय सहित पूरा ढांचा ध्वस्त हो गया और घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। गीता देवी ने बताया कि उनका मकान भी वैध पट्टे पर बना हुआ था।
आरोपी लंबे समय से मकान कम कीमत पर बेचने का दबाव बना रहा था। घटना की रात मकान गिराने के साथ ही मलबा ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाया गया। वहीं, रघुवीर सिंह के मकान को भी पूरी तरह मलबे में तब्दील कर दिया गया।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी पूर्व में भी मकान खाली करने और जमीन बेचने के लिए धमकाता रहा है। वर्ष 2016 में इस संबंध में भीम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कथित राजनीतिक रसूख के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घटना के बाद पीड़ितों ने जिला पुलिस अधीक्षक से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। भीम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले का अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक भगवान लाल कर रहे हैं।
Updated on:
26 Mar 2026 11:39 am
Published on:
26 Mar 2026 10:57 am
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
