
रामपुर. लॉकडाउन के दौरान जिले के कई अफसर अपने-अपने इलाकों के गांवों में गणमान्य लोगों से मिलकर उन लोगों की सूची बना रहे हैं, जिनके घरों में खाने-पीने की वस्तुओं की भारी किल्लत है। इसके साथ ही इन जरूरतमंद लोगों को खाने-पीने की चीजें उपलब्ध करा रहे हैं। कैमरी थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर में सीओ केमरी अशोक कुमार पांडे के साथ केमरी कस्बा पंचायत अधिशासी अभियंता और गांव के प्रधान समेत कई लोग जरुरतमंद लोगों की सूची बनाकर उनके घर चावल, आटा, सब्जी आदि पहुंचा रहे हैं। सीओ केमरी ने बताया कि जब तक लाॅकडाउन रहेगा तब तक हमारी यह कोशिश रहेगी कि हमारे इलाके में कोई भूखा न सोए। इसलिए हम लगातार लोगों के बीच में रहकर उन गरीब लोगों के लिए खाने-पीने की चीजें उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
सीओ कैमरी अशोक कुमार पांडे ने पत्रिका उत्तर प्रदेश से खास बातचीत करते हुए बताया कि मेरे क्षेत्र में थाना कैमरी थाना भोट और थाना शहजादनगर है। सभी थाना क्षेत्रों में ग्रामीण लोग रहते हैं। उन ग्रामीणों में ज्यादातर लोग इतने गरीब हैं, जो हर दिन काम करके अपने घर का चूल्हा जलाते थे, लेकिन लॉकडाउन के चलते उनके सामने परेशानी खड़ी हो गई है। इसलिए हम हर थाना क्षेत्र सूची बना रहे हैं और उनको खाने-पीने की चीजें उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहे हैं। वैसे तो सरकार अपनी तरफ से भी उनको सामान मुहैया करा रही है।
उन्होंने बताया कि हमसे जितना हो रहा है, हम तत्काल उनकी मदद करने में खुद लगे हैं। हमने कुंभ के मेले में दूसरे लोगों से प्रेरणा ली थी और जिस परिवार में पले बढ़े हैं, विरासत से दूसरों की मदद करना हमने जाना है और उसी को हम कर रहे हैं। साथ ही इलाके के लोग भी पैसे से, चावल से और सब्जियों से हमारी मदद कर रहे हैं। हम लोगों के साथ मिलकर उन सामानों को गरीब लोगों के घरों तक दिन-रात पहुंचा रहे हैं, ताकि कोई भूखा ना सोए।
Published on:
29 Mar 2020 02:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
