
अस्थि कलश
(पत्रिका ब्यूरो,रांची): भारत और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा और प्रदेश महामंत्री सह विधायक अनंत ओझा आज दिल्ली के लिए रवाना हुए। अटलजी का अस्थि कलश बुधवार 22 अगस्त को रांची पहुंचेगा और कल शाम में ही रांची के हरमू स्थित कार्निवल हॉल में सार्वजनिक प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। इस प्रार्थना सभा में भाजपा समेत अन्य सभी दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
प्रार्थना सभा में भाग लेंगे सभी दलों के नेता
भाजपा की ओर से बताया गया है कि सार्वजनिक प्रार्थना सभा पूरी तरह से गैर दलीय होगा,कार्यक्रम में पार्टी के झंडा-बैनर का उपयोग नहीं किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि 22 अगस्त को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश मिलेगा और उसी दिन अस्थि कलश को लेकर वे दिल्ली से रांची पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि बुधवार को सायं 4 बजे रांची हवाई अड्डा पहुंचेगा और वहां से इसे सीधे कार्निवल हॉल आएगा, जहां पर सार्वजनिक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में राज्य के सभी दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, धार्मिक संगठन एवं रांची के सभी लोग अपनी श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। जिसके बाद वहां से अस्थि कलश को प्रदेश भाजपा कार्यालय लाया जाएगा । दूसरे दिन 23 अगस्त को पुनः अस्थि कलश प्रदेश द्वारा तय नदियों में विसर्जित किया जाएगा । इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत अन्य भाजपा नेता रांची के स्वर्णरेखा नदी में अस्थि को प्रवाहित करेंगे । बताया गया है कि अस्थि कलश विसर्जन यात्रा की अगुवाई 500 मोटरसाईकिल सवार भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा किया जाएगा । अस्थि कलश विसर्जन यात्रा के आगे-आगे युवा मोर्चा के कार्यकर्ता चलेंगे ।
Published on:
21 Aug 2018, 4:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.