10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

झामुमो विधायक मुश्किल में,विधानसभा सदस्यता खतरे में पड़ने की आशंका

पार्टी नेताओं का स्पष्ट आरोप है कि राज्य सरकार के इशारे पर उनके विधायक को फंसाने की कोशिश की गयी है और इसके खिलाफ पूरे राज्य में आंदोलन चलाया जाएगा...
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रांची

•

image

Prateek Saini

•

Updated: 9 Jul 2018, 2:29 PM IST

MLA Shashi Bhushan Samad file photo

MLA Shashi Bhushan Samad file photo

रवि सिन्हा की रिपोर्ट...

(रांची): भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक के खिलाफ 5 जुलाई को आहूत झारखंड बंद के दौरान चक्रधरपुर के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक शशिभूषण सामड़ पर एक दिव्यांग शिक्षक की पिटाई करने का आरोप लगा है और उसके बाद पुलिस-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ उनके खिलाफ मामला दर्ज किया, बल्कि उसी शाम अदालत में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया।

छाए चिंता के बादल

प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से झामुमो विधायक की मुश्किल बढ़ गयी है और उनके समर्थकों को यह भय सताने लगा है कि यदि इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलता है, तो प्रशासन विधायक शशिभूषण सामड़ को सजा दिलाने में भी सफल हो सकता है और उनकी विधानसभा सदस्यता भी समाप्त हो सकती है।


झामुमो के खिलाफ मुखर हुई भाजपा

इधर, सत्तारुढ़ भाजपा ने भी शशिभूषण सामड़ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और पार्टी की ओर से झामुमो विधायक की गलती को जनता के सामने लाकर झामुमो का पोल खोलने को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद लक्ष्मण गिलुवा ने विधायक के खिलाफ किए गए पुलिसिया कार्रवाई का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि विधायक से गलती हुई है। जबरन स्कूल बंद कराना और शिक्षक से मार-पीट करना एक सम्मानित विधायक को शोभा नहीं देता। फिर जब भूमि अधिग्रहण विधेयक कानून बन चुका है तो विधायक के जबरन बंद कराने से कानून नहीं बदल जाएगा।


झामुमो में मचा हडकंप

दूसरी तरफ झामुमो विधायक पर जिस तरह कई गैरजमानती धाराएं लगायी गयी है, उसे लेकर झामुमो में खलबली मची है। सिल्ली और रामगढ़ के पूर्व विधायक की तरह सजा होने पर चक्रधरपुर विधायक की भी सदस्यता चले जाने का भय झामुमो को सता रहा है। इस कारण झामुमो अपने विधायक के समर्थन में मोर्चा खोलने की तैयारी में अभी से जुट गया है। झामुमो जिला अध्यक्ष भुवनेश्वर महतो ने कहा कि विधायक को राजनीतिक षडयंत्र के तहत फंसाया गया है। इस राजनीतिक षडयंत्र का पर्दाफाश करने के लिए झामुमो एक पांच सदस्यीय कमेटी से मामले की जांच कराएगी और फिर चरणबद्ध तरीक से आंदोलन की रुपरेखा तय की जाएगी।


पार्टी नेताओं ने लगाएं यह आरोप

फिलहाल झामुमो की ओर से इस मुद्दे को लेकर आंदोलन की औपचारिक कार्यक्रमों की घोषणा नहीं की गयी है, लेकिन पार्टी नेताओं का स्पष्ट आरोप है कि राज्य सरकार के इशारे पर उनके विधायक को फंसाने की कोशिश की गयी है और इसके खिलाफ पूरे राज्य में आंदोलन चलाया जाएगा। विधायक के समर्थकों ने अभी उनकी जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है।