रतलाम. शहर के स्टेशन रोड, टीआईटी कॉर्नर, अशीर्वाद होटल रोड और काला घाड़ा चौराहा पर गुरुवार को करीब 30 मिनट तक वो सबकुछ हुआ, जिसकी कल्पना शहर ने नहीं की। गैंगरेप के खिलाफ जनाक्रोश, प्रदर्शन, पुलिस का हालात नियंत्रित करने के लिए जवाबी मोर्चा और इस बीच उन लोगों के भागते-बचते दृश्य जो भीड़ बन खड़े हुए थे। एक्शन में आई पुलिस को देख आम आवाजाही वाले लोग भी फंस गए। कई वाहन चालक तो पुलिस की लाठी से बचने के लिए मुड़े और गिरे, फिर संभलकर निकले। ड्यूटी पर जाने वालों की आंखों के सामने अचानक आंसू गैस का धुआं छा गया। रोड पर हर ओर अफरा-तफरी का माहौल और इसके बीच यहां-वहां गलियों में भागते लोग।