
तीन दिन से शाम 8.30 से 9 बजे के बीच कटौती से परेशान रहवासी पहुंचे बिजली चौकी, अधिकारी से बहस के बाद झूमाझटकी, पुलिस ने संभाला मामला, शुक्रवार का व्यवस्था सही करने का मिला आश्वासन
रतलाम। गणेशोत्सव के उत्सवी माहौल के बीच जुनी कलालसेरी क्षेत्र में लगातार तीन दिन से शाम के समय बिजली गुल होने से रहवासियों का आक्रोश गुरुवार रात विद्युत वितरण कंपनी की पैलेस रोड चौकी तक पहुंच गया।
शाम करीब 8.30 से 9 बजे के बीच बिजली बंद होने की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में रहवासी चौकी पहुंचे। आरोप है कि वहां काफी देर तक कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। करीब एक घंटे इंतजार के बाद भी समस्या का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोगों का गुस्सा बढ़ गया।
लगातार बिजली कटौती से रात में क्षेत्र में अंधेरा
रहवासियों का कहना था कि गणेशोत्सव के दौरान शाम के समय आरती और धार्मिक आयोजनों का दौर चलता है। ऐसे में लगातार बिजली कटौती से क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के लिए चौकी पर फोन किए जाने के बावजूद समय पर जवाब नहीं मिलता।
झूमाझटकी की स्थिति बन गई।
इसी दौरान कुछ समय बाद एई अर्पित सक्सेना मौके पर पहुंचे और रहवासियों से चर्चा शुरू की। बातचीत के दौरान बिजली कटौती को लेकर बहस तेज हो गई। मामला इतना बढ़ा कि अधिकारी और कुछ रहवासियों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई। मौके पर पहले से मौजूद पुलिस जवानों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत कराया। इसके बाद विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी ने रहवासियों को शुक्रवार दोपहर 1 बजे चर्चा के लिए बुलाया। समस्या का समाधान कराने का आश्वासन मिलने के बाद रहवासी वहां से रवाना हुए।
तीन दिन से एक ही समय पर कटौती
शाम 8.30 से 9 बजे के बीच बिजली बंद होने की शिकायत।
गणेशोत्सव के दौरान आरती के समय बिजली गुल होने से नाराजगी।
शिकायत लेकर पैलेस रोड विद्युत चौकी पहुंचे रहवासी।
करीब एक घंटे तक जिम्मेदार के इंतजार का आरोप।
एई से चर्चा के दौरान बहस के बाद झूमाझटकी की स्थिति।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
शुक्रवार दोपहर 1 बजे समस्या समाधान के लिए चर्चा का आश्वासन।
Updated on:
17 Sept 2026 11:41 pm
Published on:
17 Sept 2026 11:36 pm
