
खाद की कालाबाजारी तथा अधिक कीमत पर बिक्री संबंधी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में कलेक्टर ने विकास कार्यों की समीक्षा की, खाद, स्वास्थ्य पर जोर।
रतलाम. किसानों को खाद के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए और वितरण व्यवस्था सुचारु रहे। खाद की कालाबाजारी तथा अधिक कीमत पर बिक्री संबंधी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश शुक्रवार को कलेक्टर अजय कटेसरिया ने डीएमओ को दिए।
कलेक्टर ने बाजना क्षेत्र में खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला विपणन अधिकारी डीएमओ को निर्देश दिए कि बाजना में डीएमओ का डबल लॉक केंद्र तत्काल शुरू करने की कार्रवाई की जाए। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने बाजना जनपद पंचायत सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अन्तर्गत क्षेत्र में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की।
वार्ड निर्माण इसी सप्ताह शुरू करने के निर्देश
कलेक्टर कटेसरिया ने सीएचसी केंद्र बाजना के आपात वार्ड के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने पीआईयू भवन को निर्देश दिया कि लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस वार्ड का निर्माण कार्य इसी सप्ताह शुरू किया जाए। कार्य अभी तक शुरू न होने पर कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सैलाना एसडीएम को तत्काल निरीक्षण कर कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए।
उच्च रक्तचाप व एनीमिया के मामलों के प्रबंधन पर जोर
कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को रावटी, रानीसिंह, बाजना और राजापुरा माताजी क्षेत्र में पेयजल समस्याओं के निराकरण और उचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान, गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन और उच्च रक्तचाप व एनीमिया के मामलों के प्रबंधन पर जोर दिया गया।
अधिकारी मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करें
कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री और फार्मर पहचान पत्र की प्रगति की भी समीक्षा की और आधार अपडेशन में तेजी लाने को कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी करते हुए शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर दिलाने तथा समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन और सैलाना एसडीएम सुनील जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Updated on:
14 Aug 2026 08:22 pm
Published on:
14 Aug 2026 08:10 pm
