
नौ जोड़ी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच
रतलाम। पश्चिम रेलवे के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव 2018 को करीब देखते हुए अनेक यात्री ट्रेनों का ठहराव बढ़ाया जा रहा है। लंबे समय से जो ट्रेन के ठहराव की मांग हो रही थी, उन पर अब सुनवाई होना शुरू हो गई है। रेलवे ये प्रचार कर रही है कि यात्रियों की सुविधा के लिए ठहराव किया जा रहा है, लेकिन इसमे हकीकत ये है कि ये ठहराव सिर्फ छह माह तक के लिए है। इसके बाद भी ये सुविधा रखना या नहीं, इस पर निर्णय रेलवे लेगा।
गुरुवार को पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल में आने वाले सबसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन नागदा में सूरत-मुजफ्फरपुर ट्रेन का ठहराव शुरू कर दिया गया है। इस ठहराव के होने से नागदा, खाचरोद, उज्जैन, आलोट व महिदपुर आदि क्षेत्र के रहवासियों को लाभ होगा। इन क्षेत्र में करीब दो लाख से अधिक लोग रहते है। एेसे में रेलवे की इस सुविधा की मांग तो लंबे समय से हो रही थी, लेकिन रेलवे को चुनाव करीब देखकर इस सुविधा को देना याद आया है। पूर्व में भी नागदा रेलवे स्टेशन पर देश की सबसे वीआईपी मानी जाने वाली ट्रेन दिल्ली-मुंबई-दिल्ली राजधानी एक्सपे्रस ट्रेन का ठहराव रेलवे ने छह माह के लिए दिया है।
गुरुवार को हुआ इसका ठहराव
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल से होकर परिचालित की जाने वाली गाड़ी संख्या 19053-19054 सूरत-मुजफ्फ रपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का नागदा स्टेशन पर ५ अक्टूबर से अस्थाई ठहराव शुरू हो गया है। मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए रतलाम मंडल से होकर परिचालित की जाने वाली गाड़ी संख्या 19053-19054 सूरत-मुजफ्फरपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का नागदा स्टेशन पर अस्थाई ठहराव की शुरुआत विधायक नागदा दिलीप सिंह शेखावत एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया है। सूरत से चलने वाली गाड़ी संख्या 19053 सूरत मुजफ्फ रपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस नागदा स्टेशन पर प्रति शुक्रवार को दोपहर में 1.43 बजे आएगी व दोपहर 1.45 बजे जाएगी। इसी प्रकार प्रति मंगलवार को ट्रेन नंबर 19054 मुजफ्फरपुर सूरत साप्ताहिक एक्सप्रेस नागदा स्टेशन पर सुबह 10.18 बजे आएगी व 10.20 बजे जाएगी।
Updated on:
5 Oct 2018, 8:39 PM IST
Published on:
5 Oct 2018, 8:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.