script

दिसंबर 2020 का राशिफल: इन राशियों का साल के आखिरी महीने में चमक सकता है भाग्‍य

locationभोपालPublished: Dec 03, 2020 11:17:34 am

हिन्दू पंचांग के अनुसार यह महीना रोहिणी नक्षत्र में मार्गशीर्ष/कार्तिक माह के…

Indian Astrology: MONTHLY HOROSCOPE WITH NUMEROLOGY of December 2020 in hindi with Hindu panchang

Indian Astrology: MONTHLY HOROSCOPE WITH NUMEROLOGY of December 2020 in hindi with Hindu panchang

साल का आखिरी महीना यानि दिसंबर कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जाता है। एक ओर जहां ये साल का अंतिम माह होने के कारण इसके ठीक बाद नया साल शुरु हो जाता है, वहीं यहीं वह महीना है जब हम उस पूरे साल के बारे में विचार करते है। ज्योतिष के संबंध में भी इस माह को काफी अलग रुप में देखा जाता है।

दिसंबर में जन्में लोगों के लिए खास…
दिसंबर के महीने में जन्मे लोगों पर धनु राशि का सबसे ज्यादा प्रभाव होता है। धनु राशि के स्वामी देव गुरु बृहस्पति को माना जाता है। ऐसे में इनकी कुंडली में लग्न भी धनु हो तो सूर्य और मंगल प्रबल कारक माने जाते हैं। ऐसे जातक प्रभावशाली और उच्च पदों पर आसीन होने वाले होते हैं। दिसंबर के महीने में जन्मे जातक तर्क शास्त्री, वेदों में रुचि रखने वाले होते हैं। इसके अलावा इन्हें जीवन में सुखी दांपत्य जीवन और संतान के मामले में सुख प्राप्त होता है।

ऐसे लोगों के लक्ष्य और महत्वाकांक्षाओं उच्चस्तरीय होती हैं। हालांकि ऐसे इंसान हर इंसान से चुहलबाज़ी करना पसंद करते हैं। जिसके कारण किसी व्यक्ति से इनकी आजीवन शत्रुता हो जाती है जो इन्हें ता उम्र परेशान करती रहती है। कुल मिलाकर देखा जाए तो दिसंबर के महीने में पैदा होने वाले जातक सभी के प्रिय होते हैं और यह जहां भी जाते हैं वहां का वातावरण सुखमय कर देते हैं।

वहीं हिन्दू पंचांग के अनुसार यह महीना रोहिणी नक्षत्र में मार्गशीर्ष/कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होगा और पुनर्वसु नक्षत्र में मार्गशीर्ष/पौष महीने की कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि को समाप्त होगा। इस महीने भी ग्रहों की चाल का प्रभाव निश्चित रूप से सभी 12 राशियों के जातकों के जीवन पर पड़ेगा।

ज्‍योतिष के लिहाज से यह पूरा साल 2020 काफी उथल-पुथल वाला साबित हुआ है। साल का आखिरी महीना भी काफी उतार-चढ़ाव वाला साबित हो सकता है। दिसंबर के महीने में मंगल, बुध और शुक्र समेत 4 ग्रहों की स्थिति में बदलाव होने जा रहा है। कुछ राशियों को इससे लाभ हो सकता है तो कुछ को हानि का भी सामना करना पड़ सकता है। ज्योतिष के जानकार सुनील शर्मा के अनुसार साल का आखिरी, दिसंबर का यह महीना आपके लिए क्या कुछ लेकर आने वाला है?…

12 राशियों का दिसंबर 2020 का राशिफल : Good and bad Effects of Dec. 2020

1. मेष राशि:
यह महीना मानसिक उथल पुथल वाला है। हालांकि दिसंबर में आपका कॅरियर क्षेत्र सही रहेगा। इस माह आपको कॅरियर में आगे बढ़ने के कई सुनहरे अवसर प्राप्त होंगे। उचित होगा कि अपने सीनियर्स का सम्मान करें और उनके दिशा-निर्देशों का पालन करें। आरंभ में किसी नजदीकीव्यक्ति के उकसावे में आकर जीवनसाथी से क्षणिक मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं। आपमें से कुछ को ग़लत अनुमान से नुक़सान हो सकता है। समस्याओं से भागें नहीं, सामना करें साथ ही वाद-विवाद में उलझें नहीं। बिना जांचे-परखे कोई बड़ा कदम न उठाएं। विदेशी संपर्कों से लाभ होगा। किसी के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने से बचें।

उपाय – सूर्योदय के समय रोज़ाना श्री हनुमान चालीसा का पाठ करें।


2. वृषभ राशि :
इस महीने आपकी आर्थिक स्थिति थोड़ी सी गड़बड़ हो सकती है। यह माह उन नौकरी पेशा लोगों के लिये अच्छा रहेगा जो विदेशी कंपनियों में काम करते हैं। वहीं जो जातक विदेशी कंपनी में जॉब प्राप्त करना चाहते हैं उन्हें भी इस दौरान अच्छे फलों की प्राप्ति हो सकती है। कई नए अवसरों की प्राप्ति हो सकती है। अल्पकालिक निवेश न करें। मीठी वाणी से काम बनेगा। काम के बोझ से मामूली आराम मिलेगा। नसों और मांसपेशियों में पीड़ा हो सकती है।

उपाय- प्रतिदिन सुबह के समय श्री लक्ष्मी जी की आरती का पाठ करें।

3. मिथुन राशि:
इस माह के शुरुआत में ही सुदूर यात्रा के संकेत मिल रहे हैं। कॅरियर में इस महीने आपके सामने चुनौतियाँ आएंगी। कार्य में असफलता मिलने की संभावना है, लेकिन यदि आप अधिक प्रयास करेंगे तो आपको सफलता अवश्य मिलेगी। व्यापार से जुड़े जातकों को थोड़ी निराशा हाथ लग सकती हैं। हालांकि व्यापार में मुनाफ़ा तो होगा, लेकिन यह मुनाफ़ा अपेक्षा से कम होगा। आर्थिक जीवन में आमदनी से ज्यादा से ख़र्चा अधिक हो सकता है। कॅरियर में दबदबा और समर्थकों की संख्या बढ़ेगी। बौद्धिक शक्ति में वृद्धि के संकेत मिल रहे हैं। किसी प्रतिद्वंदी की हरकतों से परेशान रह सकते हैं। कॅरियर में व्यस्तता के साथ ही कोई काम बिगड़ते बिगड़ते बनेगा।

उपाय – नित्य किसी निश्चित समय में “ॐ नारायणाय विद्महे। वासुदेवाय धीमहि। तन्नो विष्णु प्रचोदयात्।।” मंत्र का 108 बार जाप करें।

4. कर्क राशि :
इस माह महत्वाकांक्षाओं के पूर्ण होने की राह बनेगी। लेकिन, कॅरियर के क्षेत्र में आपको संभलकर चलना होगा हालांकि इस माह आपके जूनियर आपके पक्ष में रहेंगे। आर्थिक जीवन में मुनाफ़ा होने की भी पूरी उम्मीद है वहीं पारिवारिक जीवन में अपने बच्चों की वजह से आपको ख़ुशियां मिल सकती हैं।
आत्मसम्मान बढ़ने के साथ ही इस समय बड़े अधिकारियों का सहयोग मिल सकता है। रिश्तेदार काम आएंगे। ग़लत निर्णय से नुक़सान की संभावना के बीच माह के तीसरे हफ़्ते में शुभ परिणामों की प्राप्ति के आसार हैं। कोई मामूली बात नासूर बन कर मानसिक तनाव देगी। सेहत पर नकारात्मक असर पड़ेगा। विचारों के पैनेपन को सराहना मिलेगी। आर्थिक जोखिम न लें, अन्यथा हानि संभव है।

उपाय- प्रतिदिन सुबह श्री सोमनाथ आरती का पाठ करें।


5. सिंह राशि :
नए अवसर कारोबार में मिलेंगे। गुरु या गुरुतुल्य व्यक्ति की कृपा प्राप्त होगी। नए विचारों से कीर्ति फैलेगी। हौसला परवान चढ़ेगा। लोगों के बीच में जागरूकता बढ़ेगी। देह के निचले भाग में कष्ट होगा। क़ानूनी उलझनें पेश आने की संभावना के बीच माह के तीसरे हफ़्ते में सकारात्मक फलों की प्राप्ति होगी। कोई फ़ायदे का सौदा हाथ आएगा। स्वभाव में विनम्रता को बनाए रखें। उच्चाधिकारियों से बहस न करें। मदद करें पर उधार न दें। किसी विदेशी अनुबंध से कारोबार में कमाल होगा। साख में वृद्धि के साथ ही जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा।

उपाय – नित्य सूर्योदय के समय “श्री सूर्य ध्यान मंत्र” का जाप करें।


6. कन्या राशि :
यह महीना कॅरियर के मामले में अच्‍छा है। पारिवारिक सुख के साथ ही मनवांछित काम बन सकता है। विरोधियों में घबराहट दृष्टिगोचर होगी। लेकिन मुख, दांत व हड्डियों में कष्ट हो सकता है। मां की ओर के रिश्तेदारों से दूरियां बढ़ सकती है। अकस्मात हानि से नुकसान बढ़ सकता है। किसी अनुभवी का अनुभव काम आएगा। माह के मध्य में आनंद मिलेगा। माह के अंत में निवेश में सकारात्मक परिणाम आएंगे। ज्योतिष में रुचि आएगी। कमर या पीठ में दर्द हो सकता है।

उपाय- प्रतिदिन सुबह श्री अष्टलक्ष्मी स्तोत्र का जाप 108 बार करें।

7. तुला राशि :
कॅरियर में कामयाबी के बीच मित्रों से विशेष सहयोग प्राप्त होगा। कार्यसिद्धि का हर्ष होगा। विपरीत लिंगियों के प्रति आकर्षण में वृद्धि होगी। घर में उत्तम वातावरण रहेगा। खर्च में वृद्धि के साथ ही वैभव में भी इज़ाफ़ा होगा। आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। क़ाबिलियत में और निखार आएगा व लाभ होगा। आर्थिक स्थिति ठीक रहेगी। बहन से आपका बिगड़ा रिश्ता सुधरेगा। अनियमित दिनचर्या से सेहत पर असर पड़ेगा। उचित होगा कड़वे वचन व आलोचनाओं से बचें। तन-मन को आराम मिलेगा। नौकरी पेशा लोगों को तनख़्वाह कटने से बेचैनी हो सकती है।

उपाय – नित्य सूर्योदय के समय 108 बार श्री गणेश स्तुति करें।

8. वृश्चिक राशि :
इस महीने कारोबार में नए अवसर मिलेंगे। लेकिन, वाणी की कठोरता से क्षति होने की संभावन के बीच किसी प्रिय वस्तु के चोरी या खोने का भय प्रकट होगा। पूर्ण ज्ञान के अभाव में ख़राब उपकरणों की मरम्मत न करें अन्यथा कष्ट होगा। जीवनसाथी का सहयोग प्राप्‍त होगा। बुद्धि और विवेक से लाभ होगा। पैरों और मांसपेशियों में कष्ट मुमकिन है। आमदनी के नए विचार प्रस्फुटित होंगे। माह के मध्य में अनावश्यक विघ्न से मानसिक तनाव मिलेगा। स्वजनों से संबंध पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। किसी परिचित से जुड़ी बुरी खबर आहत करेगी। विपरीत लिंगी से लाभ का संयोग बनने के बीच आर्थिक लेनदेन में सावधान रहें। फटाफट धनार्जन की कोशिशों के बीच आपसे कोई छल हो सकता है।

उपाय- प्रतिदिन सूर्योदय के समय ॐ हनुमते नमः मंत्र का 108 बार जाप करें।

9. धनु राशि :
इस महीने सुख मिलने के संकेत मिल रहे हैं। मानसिक आनन्द में वृद्धि होगी। कॅरियर के लिए वक्त मध्यम से बेहतर है। कामनाओं को पंख लगेंगे। अनुभवी लोगों से संपर्क होगा। दांपत्य सुख मध्यम से बेहतर रहेगा। द्वितीय सप्ताह में आर्थिक हानि हो सकती है। घरेलू तनाव मुमकिन है। किसी छोटे विवाद में तिल का ताड़ हो सकता है। आत्मविश्वास में कमी आएगी। किसी परिजन से कहासुनी हो सकती है। इस माह किसी विपरीत लिंगी के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। वहीं किसी बड़े अनुबंध में नाटकीय यू टर्न आने से पीड़ा होगी। माह का तृतीय सप्ताह बुरी तरह से उलझा रहेगा। जबकि माह के अंत में आकस्मिक लाभ संभव है।

उपाय – नित्य सूर्योदय के समय “हं हनुमते रुद्रात्मकाय हुं फट् ” मंत्र का 108 बार जाप करें।

10. मकर राशि :
कॅरियर में श्रम का फल प्राप्त होगा। माह की शुरुआत में कोई असफलता परेशान कर सकती है। झूठे आरोप की संभावना के बीच दिमागी रूप से कश्मकश बनी रहेगी। मानसिक क्षमता बढ़ेगी। भौतिक सुख में बढ़ोतरी होगी। स्वयं पर यक़ीन कम न होने दें। किसी से बिना वजह विवाद में न उलझें। उचित होगा दूसरों की सलाह के अनुपालन में सतर्कता बरतें। शॉर्ट टर्म ट्रेडिंग से आर्थिक लाभ के संकेत के बीच कमाई और खर्च दोनों बढ़ेंगे। आर्थिक लेनदेन में तनाव हो सकता है। कोई कारोबारी सौदा ग़लत हो जाएगा। पार्टनर्स या टीम मेम्बर से तनाव हो सकता है। आपकी किसी कही बात को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत किया जा सकता है। जीवनसाथी की भड़ास से दुःख होगा। भावनाओं के आवेग पर क़ाबू रखें। कोई पुराना उलझा मामला सुलझेगा। सेहत के प्रति सावधान रहें। क़ीमती और ज़रूरी वस्तुओं को लेकर सावधान रहें।

उपाय- प्रतिदिन सूर्योदय के समय “ॐ तत्पुरुषाय विद्महे ,महादेवाय धीमहि तन्नो रुद्रः प्रचोदयात् ।।” मंत्र का 108 बार जाप करें।


11. कुंभ राशि :
आर्थिक स्थिति मध्यम रहेगी फिर भी मन धन के कारण बेचैन रहेगा। इस माह अड़चनें आएंगी पर दूर हो जाएंगी। किसी करीबी से संबंधित कोई समाचार आपकी बेचैनी बढ़ा सकता है। माह के अंत में सतर्कता आवश्यक है। कोई पुराना बिगड़ा रिश्ता और बिगड़ सकता है। जीवनसाथी की हमेशा चिंता और आलोचना से बचें। किसी मित्र की तीखी बात कलेजा छलनी कर सकती है। पारिवारिक वातावरण मध्यम रहेगा। तीसरे सप्ताह में वैचारिक शक्ति बढ़ेगी। किसी आवश्यक वस्तु के न मिलने से घर का माहौल गड़बड़ हो सकता है। सरकारी लोगों से लाभ होगा। उच्चाधिकारियों से अंतरंगता होगी और इसका आपको फ़ायदा होगा। आंतरिक गुण निखरकर आएंगे। नासमझी से क्षति हो सकती है। माह के अन्त में प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

उपाय – नित्य सूर्योदय के समय श्री गणेश स्तुति करें।


12. मीन राशि :
इस माह कॅरियर में सही अनुमान चमत्कृत परिणाम देंगे। इस दौरान आपकी वाणी बुद्धि का विकास होगा। आपकी छवि उनके सीनियर्स के सामने सुधर सकती है। आर्थिक पक्ष की बात की जाये तो उसमें भी सुधार होने के इस माह पूरे चांस हैं। स्वास्थ्य जीवन की बात करें तो इस महीने आंखों का आपको विशेष ख्याल रखना होगा। वहीं पारिवारिक जीवन में आपको अच्छे फलों की प्राप्ति हो सकती है। नई कमाई न होने से तनाव हो सकता है। किसी की सलाह कमाल कर सकती है। माह के मध्य में काम में विघ्न आने से निराशा बढ़ेगी। जीवनसाथी की उदासी से बेचैनी बढ़ सकती है। तीसरे सप्ताह में अलौकिक आंतरिक शक्ति प्रकट होगी। रुके हुए धन की प्राप्ति की राह निकलेगी। बड़े फ़ैसलों में सतर्क रहें अन्यथा ज़रा सी चूक महंगी पड़ सकती है। बॉस की प्रशंसा से हौंसला बढ़ेगा। कोई विरोधी प्रशंसा करेगा। बिगड़े संबंध शनैः शनैः सुधरने लगेंगे। इस राशि के कारोबारियों को इस माह कारोबार में अच्छा मुनाफ़ा होने की पूरी उम्मीद है जिसकी वजह से आप भविष्य के लिये भी अच्छी योजनाएं बना पाएंगे।

उपाय- प्रतिदिन सूर्योदय के समय ‘ऊँ नम: शिवाय’ मंत्र का जाप 1008 बार करें।

दिसंबर 2020 का अंक ज्योतिष : NUMEROLOGY of Dec. 2020…

अंक 01 :
आपके मित्र और सहकर्मी आपकी कार्यकुशलता देखकर अचंभित होंगे और सभी लोग आपसे मित्रता का हाथ बढ़ाएंगे। हो सकता है कि दक्षिण दिशा के किसी व्यक्ति के द्वारा किसी बड़े अवसर की प्राप्ति हो सतर्क रहें और अगर अवसर मिले तो बेकार न जाने दें। आपकी लव लाइफ तकरार से भरी हो सकती है और अगर आप पति-पत्नी हैं तो अहंकार की भावना से मानसिक मेल और सामंजस्य में कमी आ सकती है। इस महीने आप करियर के लिए अच्छे खासे गंभीर रहेंगे 15 दिसंबर के बाद कोई शुभ सूचना भी प्राप्त हो सकती है।

अंक 02 :
आपको कम मेहनत में बड़ी सफलता मिलगी। लव लाइफ में रुमानियत बढ़ेगी और आप खुलकर अपने प्यार का इज़हार अपने पार्टनर को कर पाएंगे। दांपत्‍य जीवन में इस महीने प्रेम परवान चढ़ेगा। कपड़े और श्रृंगार प्रसाधन में कार्य करने वाले व्यापारी इस महीने राहत की सांस लेंगे और कई दिन बाद नवीन कार्ययोजना के तहत अच्छा मुनाफा भी वसूलेंगे। स्टूडेंट्स सारे महीने मस्ती के मूड में रहेंगे, पर महीने के अंतिम दिनों पढ़ाई का दवाब बढ़ जाएगा जिससे कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से श्वांस और फेफड़ों से संबंधित समस्या से विशेष सतर्कता बरतें।

अंक 03 :
कार्य दक्षता का प्रयोग करते हुए आप कोई ऐसा काम कर जाएंगे, जिससे आपके कार्यक्षेत्र में अत्यंत प्रशंसा होगी। इस महीने आप अपने बिगड़े हुए काम को भी बना लेंगे। व्यापारिक सूझ-बूझ से व्यापारिक निर्णय सही और मुनाफे वाले साबित हो सकते हैं। आय के दृष्टिकोण से भी यह महीना अच्छा-भला साबित होने वाला है। लव लाइफ में 10 दिसंबर के बाद सारे गिले-शिकवे मिटते चले जाएंगे और आपस का प्यार और भी प्रगाढ़ हो जाएगा।

अंक 04 :
इस महीने आप अपनी इसी व्यवहारकुशलता का परिचय देते हुए अपने बिगड़े हुए संबंधों को भी संभाल पाने में सफल साबित होंगे। पूरे महीने सकारात्मक ऊर्जा के प्रवाह के कारण बड़े से बड़ा कार्य भी आप पूरा करते चले जाएंगे। पुरानी सभी समस्याएं खत्म होने के आसार हैं।शुरुआती 15 दिनों में चिंतामुक्त होकर अपने कार्य को अंजाम देते चले जाएंगे। व्यापारियों को लाभ और नौकरीपेशे से जुड़े लोगों को पदोन्‍नति की संभावना है।

अंक 05 :
इस महीने आप किसी के सामने कमतर नहीं रहेंगे। महीने की शुरुआत कुछ मामूली समस्याओं के साथ शुरू होगी, पर आप उन समस्याओं पर नियंत्रण पाने में सफल भी साबित होते चले जाएंगे। इसके साथ ही नवीन कार्ययोजनाओं को जमीनी स्तर पर लाने में भी आप सफल साबित होंगे। व्यवसाय से जुड़े लोगों का अनुमान अप्रत्याशित तरीके से सही साबित होगा, जिसका सीधा असर आपके व्यापार पर पड़ेगा। आपने व्यापार के क्रम में पूर्व में जो निर्णय लिए थे, वो इस महीने सही साबित होते नज़र आएंगे। नौकरीपेशे से जुड़े लोगों की तनाव के बीच स्थानांतरण की भी संभावना है।

अंक 06 :
महीने की पहली तारीख से ही आपमें अज्ञात ऊर्जा प्रस्फुटित होगी। ऐसे में अपने मानसिक बल पर आप अपने जीवन में गतिशीलता लाने के साथ ही अपने परिवार और मित्रों को भी उत्साहित करने का पूरा प्रयत्न करेंगे। सहज ज्ञान युक्त शक्तियों के अंक का तालमेल होने के कारण आप इन शक्तियों का प्रभावपूर्ण तरीके से उपयोग करने में सक्षम होंगे। जीवन में प्यार और रोमांस से जुड़े मामलों में अप्रत्याशित घटनाक्रम के बीच इस महीने सुखद पलों की प्राप्ति होगी। विवाह योग्य लड़के और लड़कियों के लिए नए रिश्ते खुद ब खुद सामने आएंगे और मुमकिन है कि विवाह की बात भी अपने गंभीर स्तर पर आ जाए।

अंक 07 :
मानसिक चंचलता और मानसिक भटकाव आपको आपके कार्य को प्रभावित कर सकते हैं, अत: इससे बचें। दांपत्‍य जीवन में छोटी-छोटी बातों पर तकरार व अनावश्यक तर्क से बचें। नौकरीपेशा से जुड़े लोगों को अनावश्यक और अचानक से आई परेशानियां पूरे महीने मानसिक रूप से उद्धवेलित कर सकती हैं। यह समय साहित्य, संगीत और कला से जुड़े लोगों के लिए उपलब्धियों भरा महीना साबित हो सकता है, प्रयास तेज कर दें। मजबूत मानसिक स्थिति के साथ आगे बढ़ें और दिल के बजाए दिमाग से काम लें। नस-नाड़ी से जुड़ी समस्या परेशान कर सकती हैं, अतः जरूरी है इनसे संबंधित समस्याओं पर महीने के प्रारंभ से ही ध्यान रखें। शनिवार के दिन काली मंदिर में नारियल चढ़ाएं।

अंक 08 :
यह महीना आपके लिए काफी खास है। ऐसे में हर एक दृष्टिकोण से चाहें वो सामाजिक हो, आर्थिक हो या फिर शारीरिक हो, सभी जगह आप राहत महसूस करेंगे। पुरानी उलझनें सुलझेंगी और नए अवसर खुलकर सामने आएंगे। साथ ही पूरा महीना आत्मविश्वास से लबरेज रहेगा। जिस काम को पहले आप अपनी इच्छाशक्ति की कमी से छोड़ चुके थे उन सारे कामों को आप इस महीने अपने आत्मविश्वास से पूरा करते नज़र आएंगे। मित्रों का रुख सहयोगात्मक रहेगा और परिवार के सदस्य भी हर कदम पर आपके साथ रहेंगे जिससे आपके काम में आने वाली हर अड़चन का आप डटकर मुकाबला करेंगे।

अंक 09 :
इस महीने आपके साथ एक स्थिति- विशेष रूप से सामने आती दिख रही है, जिससे किसी भी प्रकार के बंधन से आप विचलित महसूस करेंगे। ऐसे में महीने के शुरुआती 12 दिनों तक आप अपने आपको मानसिक रूप से विचलित महसूस किया करेंगे। इस दौरान अपनी वाणी और अपने गुस्से पर पूरे माह नियंत्रण रखें। आपकी वाणी इस महीने आपके मित्रों को भी आपसे मनमुटाव करा सकती है। वहीं दांपत्‍य जीवन में छोटी छोटी बातों पर होने वाली तकरार आपकी मानसिक स्थिति को खिन्न कर सकती है। स्नायु तंत्र से जुड़ी समस्या पूरे महीने आपको परेशान कर सकती है। ध्यान रहे, किसी भी महत्वपूर्ण कार्य पर जाने से पहले दक्षिण दिशा की तरफ मुंह कर लें।

ट्रेंडिंग वीडियो