
शनि जयंती कर्क, वृश्चिक, कुंभ, मकर और मीन वालों के लिए खास, इन उपायों से मिलेगा लाभ
Shani Jayanti 2022: ज्येष्ठ महीने की अमावस्या पर हर साल शनि जयंती मनाई जाती है। इस बार ये जयंती 30 मई को पड़ रही है। शनि देव की कृपा प्राप्त करने के लिए ये दिन खास माना जाता है। मान्यता है इस दिन शनि देव की विधि विधान पूजा करने से व्यक्ति के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। साथ ही शनि साढ़े साती और शनि ढैय्या के बुरे प्रभावों से राहत भी मिल जाती है। इस दिन शनि देव के साथ-साथ हनुमान भगवान की पूजा भी की जाती है।
5 राशियों के लिए शनि जयंती रहेगी खास: कर्क और वृश्चिक वालों पर इस समय शनि ढैय्या है वहीं मकर, कुंभ और मीन वालों पर शनि साढ़े साती का प्रकोप है। ऐसे में शनि जयंती का दिन इन राशियों के लोगों के लिए खास होने वाला है। क्योंकि इस दिन को शनि की साढ़े साती और ढैय्या के उपाय के लिए खास माना जाता है। कहते हैं जो व्यक्ति इस दिन शनि की सच्चे मन से अराधना करने के साथ कुछ विशेष उपाय करता है उस पर शनि की बुरी दृष्टि नहीं पड़ती।
शनि जयंती के खास उपाय:
-इस खास दिन पर शनि के अशुभ प्रभावों से बचने के लिए सच्चे मन से शनि चालीसा का पाठ करें।
-हो सके तो शनि जयंती पर व्रत रखें और दान करें। इस दिन शनि देव से संबंधित चीजों का दान बेहद शुभ फलदायी माना जाता है।
-राजा दशरथकृत शनि स्तोत्र का पाठ करें। मान्यता है ऐसा करने से शनि देव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। जिन लोगों के के जीवन में शनि की साढ़ेसाती चल रही हो उन्हें इस स्त्रोत का पाठ करने की विशेष सलाह दी जाती है।
-इस दिन शनि देव की पूजा के समय नीचे दिए गए मंत्रों का जप अवश्य करें।
ॐ शं शनैश्चराय नम:”
ॐ निलांजन समाभासम रविपुत्रम यमाग्रजंम। छायामार्तंड संभूतम तमः नमामि शनेश्चरम।।
-शनि जयंती के दिन जरूरतमंद लोगों को तेल, काला तिल, काली उड़द दाल, काले कपड़े, लोहा, काला कंबल, चमड़े के जूते आदि का दान करना शुभ माना जाता है।
-शनि जयंती के दिन भगवान हनुमान की पूजा अवश्य करें। इससे भी शनि देवता प्रसन्न होते हैं। इस खास दिन पर रामायण के सुंदरकांड का पाठ करें।
-शनि जयंती के दिन किसी नदी या तलाब में एक अखंड नारियल को प्रवाहित करें। मान्यता है इससे आपके जीवन में सुख-शांति आएगी।
-शनि जयंती पर एक कटोरी तिल का तेल लें और उसमें अपना चेहरा देखें। फिर उस तेल को
कटोरी समेत दान कर दें।
यह भी पढ़ें: बेहद शार्प माइंड होते हैं इन 4 राशियों के लोग, बुध और शनि देव की रहती है इन पर कृपा
(डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई सूचनाएं सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। patrika.com इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह लें।)
Published on:
24 May 2022, 11:32 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.