24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रीवा में गैंगवार, एक की मौत, तीन गंभीर, पिस्टल सहित डंडा बरामद

रायपुर कर्चुलियान थाने के कोष्ठा में घटना से तनाव, गोमटी को किया आग के हवाले

4 min read
Google source verification
Gangwar in Rewa, one killed, three serious, pistol recovered

Gangwar in Rewa, one killed, three serious, pistol recovered


रीवा. पैसों के लेनदेन की मामूली बात पर दो गुटों में शुक्रवार सुबह जमकर हथियार चले। गैंगवार में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हिंसक झड़प से पूरे गांव में तनाव का वातावरण बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना रायपुर कर्चुलियान थाने के कोष्ठा मोड़ की है।

बताया गया कि पुरैना थाना रायपुर कर्चुलियान का विनीत तिवारी शुक्रवार सुबह बोलेरो जीप से ड्राइवर रामकृपाल यादव उर्फ चुनकाला के साथ हाइवे की ओर आ रहा था। जैसे ही वह पुरैना मोड़ के समीप पहुंचा तभी दो बाइकों में सवार राहुल मिश्रा निवासी भलुहा, आशीष शुक्ला निवासी कोरांव सहित अन्य लोग आ गए जिनके बीच विवाद शुरू हो गया। घातक हथियारों से लैश युवकों ने बोलेरो में सवार विनीत तिवारी पर हमला कर दिया। बीचबचाव में आए ड्राइवर रामकृपाल यादव के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ वहीं गिर पड़ा। अचानक हुई से घटना से अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। इस दौरान वारदात को अंजाम देकर भाग रहे राहुल मिश्रा की बाइक को विनीत तिवारी ने बोलेरो से टक्कर मार दी जिससे वह और उसका साथी आशीष दुबे घायल हो गए। करीब आधे घंटे तक हाइवे पर आतंक माहौल निर्मित रहा। आरोपी खुलेआम हथियार लहरा रहे थे जिससे लोग घरों में दुबक गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से घायल चार लोगों को तत्काल संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया जहां रामकृपाल यादव की मौत हो गई।

patrika IMAGE CREDIT: patrika

झोपड़ी में लगाई आग
पुरैना मोड़ में स्थित एक झोपड़ी को भी आरोपियों ने आग के हवाले कर दिया। उक्त झोपड़ी गुड्डू शुक्ला की थी जो दुकान संचालित करता था। विवाद के दौरान आरोपियों ने झोपड़ी में आग लगा दी जिससे दुकान सहित उसमें रखा सामान जल गय, हालांकि आग किसने लगाई यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पांच हजार रुपए का था विवाद
उक्त युवकों के बीच पांच हजार रुपए को लेकर विवाद चल रहा था। राहुल मिश्रा को विनीत तिवारी को उधारी के पांच हजार रुपए देने थे। गुरुवार रात युवक ने उसे रुपए मांगने के लिए फोन लगाया था जिस पर उसने शुक्रवार को रुपए देने की बात कही थी। इस बात पर उनके बीच गाली-गलौज हो गई। गुरुवार रात वह विनीत तिवारी की तलाश में पुरैना आया था लेकिन गांव में नहीं मिला। शुक्रवार सुबह भी दोनों पक्ष आमने सामने आ गए जिसने इतनी बड़ी घटना का रूप धर लिया।

patrika IMAGE CREDIT: patrika


पुलिस बल अस्पताल पहुंचा
घटना के बाद उत्पन्न तनाव को देखते हुए अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, सीएसपी शिवेन्द्र सिंह बघेल, टीआइ सिविल लाइन अरुण सोनी सहित भारी पुलिस बल अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान लिए गए। वहीं मृत युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी। दोपहर मृतक के परिजन भी रोते बिलखते अस्पताल पहुंच गए।

घटनास्थल पर पड़ी मिली पिस्टल व डंडे
घटना के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां का दृश्य घटना की भयावहता को बता रहा था। सडक़ पर एक पिस्टल लावारिस हालत में पड़ी मिली। इसके अलावा डंडे भी मिले जिससे आरोपियों ने एक दूसरे पर हमला किया था। हालांकि चालक की हत्या मेें प्रयुक्त धारदार हथियार अभी बरामद नहीं हो पाया है।

दुकानें बंद कर भागे लोग, घरों में दुबके
घटनास्थल पर खुलेआम युवकों के बीच चल रहे हथियारों से स्थानीय लोग खौफ में रहे। आसपास स्थित दुकानों के संचालक शटर गिराकर भाग खड़े हुए। आसपास स्थित घरों के लोग भी दरवाजा बंद कर अंदर दुबक गए। गुमटी मेंं आग लगाने के बाद स्थानीय लोग सहमे हुए थे। करीब एक घंटे तक लोग खौफ में रहे। जब पुलिस मौके पर पहुंच गई तब लोग किसी तरह बाहर निकले।

दोनों पक्षों पर दर्ज है प्रकरण
इस गैंगवार का शिकार दोनों पक्षों पर गंभीर मामले विचाराधीन हैं। राहुल मिश्रा पर हत्या, मारपीट व धमकाने के मामले के मामले दर्ज हैं जिसमें कई बार पुलिस उसे पकड़ चुकी है। वहीं विनीत तिवारी के ऊपर भी कई मामले दर्ज हैं और अक्सर वह पुरैना मोड़ में आतंक फैलाता है। दोनों पक्षों पर गंभीर मामले दर्ज थे और थाने में उनका काफी रिकार्ड है।

काऊंटर मामले दर्ज
मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर काऊंटर केस दर्ज किया है। एक पक्ष पर पुलिस ने हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। प्रारंभिक जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए हंै उनको नामजद कर लिया गया है।


-------------------------------
कोष्ठा में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है। रुपए के लेनदेन की बात पर उनके बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने तीन लोग घायल है जिनको अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।
आशुतोष गुप्ता, एएसपी रीवा