
Post are vacant in Naptol department, shopkeepers cheat to customers
रीवा। शहर की सब्जी मंडी हो या सिरमौर चौराहा या फिर दूसरे बाजार। जरा चूके तो जेब कटना तय है। बात ग्राहकों के साथ हो रही ठगी की कर रहे हैं। तौल में ही नहीं मनमानी कीमत वसूल कर भी दुकानदार खरीदार की बेखौफ होकर जेब काट रहे हैं। लाचारी में ही सही जिम्मेदार विभाग के अधिकारी तमाशबीन बने हुए हैं।
तौल के साथ कीमत में भी हो रही ठगी
बाजार में ग्राहकों के साथ तौल व कीमत में ठगी न हो, इसके लिए शासन स्तर से बाकायदा नापतौल विभाग की स्थापना की गई है। लेकिन हाल में विभाग के जो हालात हैं। उस स्थिति में अधिकारियों के लिए न ही मनमानी करने वाले दुकानदारों पर लगाम लगाना संभव हो रहा है और न ही ग्राहकों को राहत मिल रही है। ठेले वाले हों या फिर स्थायी दुकानदार। ग्राहकों के साथ लूट जारी है। गौरतलब है कि यहां रीवा कार्यालय में एक नियंत्रक, दो सहायक नियंत्रक व चार निरीक्षक का पद है। लेकिन तैनाती केवल एक निरीक्षक की है।
संभाग के चारों जिलों में निरीक्षण की खानापूर्ति
विभाग के इस हाल के चलते रीवा ही नहीं बल्कि संभाग के अन्य दूसरे जिलों में भी निरीक्षण का बुरा हाल है। नापतौल के परीक्षण की बात तो दूर अधिकारी दुकानदारों को बाट का नवीनीकरण भी मुश्किल से कर पाते हैं। स्टॉफ की कमी और सुविधाओं के अभाव का फायदा कुछ दुकानदार जमकर उठाते हैं और ग्राहक ठगी का शिकार बनते हैं।
विभाग के पास एक अदद वाहन भी नहीं
विभाग का कार्य तो जिले भर में भ्रमण कर निरीक्षण करना है। लेकिन हैरत की बात यह है कि निरीक्षण पर निकलने के लिए विभाग के पास एक अदद वाहन भी नहीं है। खुद विभाग के अधिकारी इस बात को स्वीकार करते हैं कि बाहर तो दूर शहर में भी निगरानी कर पाना संभव नहीं होता है। अधिकारियों ने सुरक्षा के बावत पुलिस की सुविधा मिलने की तो कभी कल्पना ही नहीं कर सकते।
ठंडा मतलब पांच रुपए अधिक दो
बढ़ती गर्मी में इन दिनों कोल्ड ड्रिंक की दुकानों पर खुलेआम लूट मची है। ठंडा के नाम पर दुकानदार ग्राहकों से पांच रुपए अतिरिक्त वसूल रहे हैं। तर्क है कि फ्रीज में बिजली का बिल देना पड़ता है। जबकि कोल्ड ड्रिंक की कीमत में सब कुछ जुड़ा होता है। कंपनियां दुकानदार को कोल्ड ड्रिंक की बिक्री के लिए फ्रीजर उपलब्ध कराती हैं सो अलग।
विभाग में पदस्थ अधिकारियों की स्थिति
सहायक नियंत्रक:- शिव कुमार उइके
मूल पदस्थापना सागर संभाग, रीवा व छिदवाड़ा प्रभार में
निरीक्षक:- सुरेंद्र सिंह परिहार
मूल पदस्थापना सिंगरौली में, रीवा प्रभार में
निरीक्षक:- दीपक गौड़
मूल पदस्थापना रीवा में, सतना प्रभार में
नापतौल विभाग के प्रमुख कार्य
- समय-समय पर नापतौल की मशीनों का परीक्षण
- अभियान चलाकर बाटों का नवीनीकरण करना
- पत्थर के बाट का प्रयोग करने वालों पर कार्रवाई
- प्रिंट रेट से अधिक कीमत वसूलने पर कार्रवाई
- ग्राहकों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन
Published on:
21 May 2018 11:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
