कैसे रोकेंगे कालाबाजारी, किसी भी सामग्री की दरें तय ही नहीं
बंद के दौरान कालाबाजारी न हो और लोगों के लिए सुलभता से खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके इसके लिए तैयारियां तो कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों ने अब तक किसी भी सामग्री की दरें तय नहीं की हैं। इससे यह तय हो पाना मुश्किल होगा कि लोगों को कौन सी सामग्री महंगी मिल रही है। प्रदेश में अन्य जिलों की बात करें तो कालाबाजारी रोकने के लिए पहले से ही खाद्यान्न, दूध, फल-सब्जियों की भी दरें तय कर दी गई हैं। क्योंकि इस समय यह स्थिति देखने में आई है कि दूध का पैकेट पांच रुपए महंगा मिल रहा है तो फल-सब्जियों में तो फुटकर व्यापारियों की मनमर्जी चल रही है। मंडी में जो आलू-टमाटर 15-20 रुपए किलो में बेचा जा रहा है, मोहल्लों में लोगों को वही 40 रुपए किलो में बेचा जा रहा है। इसको लेकर नोडल अधिकारी आरपी अहिरवार का कहना है कि अभी तक दरों का निर्धारण नहीं किया गया है, लेकिन यदि महंगे दामों पर सामग्री बेची जा रही है तो कंट्रोल रूम सहित लोग संबंधित पुलिस थाने में भी शिकायत कर सकते हैं और यदि जरूरत पड़ी तो आने वाले दिनों में हर सामग्री की दरें तय की जाएंगी।