
love marriage couple assaulted by family in court campus, एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे नवदंपती (Source-Patrika)
Sagar Love Marriage Couple Assault: मध्यप्रदेश के सागर में जिला कोर्ट परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कोर्ट परिसर में कुछ लोगों ने जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं नव दंपती के साथ मारपीट कर दी। कोर्ट परिसर में हो रही मारपीट के कारण लोगों की भीड़ लग गई, किसी तरह नव दंपती परिजनों के चंगुल से छूटकर भागे और एसपी कार्यालय पहुंचे। घायल पति ने बताया कि उन्होंने करीब 7 महीने पहले लव मैरिज की थी और उसने मारपीट करने का आरोप पत्नी के परिजनों पर लगाया है।
सागर के सुभाग नगर में रहने वाले रंजीत ने बताया कि वो दिल्ली में रहकर काम करता था, वहीं पर उसके ही मोहल्ले की रहने वाली युवती भी फरीदाबाद में काम करती थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। दोनों ने करीब सात महीने पहले लव मैरिज कर ली थी। लेकिन युवती के परिवारवाले उनकी शादी के खिलाफ थे, इसलिए दोनों लव मैरिज करने के बाद दिल्ली में ही रह रहे थे।
पीड़ित रंजीत ने बताया कि कुछ दिन पहले पत्नी के परिवारवालों ने फोन कर कहा कि अब तुम दोनों ने शादी कर ली है तो शादी को तो स्वीकार करना ही पड़ेगा। सागर आ जाओ और कोर्ट में कागजी कार्रवाई कर लो हम तुम्हारी शादी को स्वीकार कर लेंगे। रंजीत व उसकी पत्नी परिवारवालों की बातों पर भरोसा कर बुधवार को ही सागर आए थे। गुरुवार को जब वो कोर्ट पहुंचे तो कोर्ट परिसर में ही नवविवाहिता के परिजनों ने दोनों को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
किसी तरह पति रंजीत ने पहले पत्नी को मौके से भगाया और फिर खुद घायल हालत में परिवारवालों के चंगुल से छूटकर भागा। इसके बाद दोनों सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे। नवदंपती ने एसपी कार्यालय पहुंचकर अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत की है, एएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लेकर थाना पुलिस को मौके पर भेजा और घायल पति-पत्नी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़ित नवदंपती की शिकायत पर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
30 Jul 2026 05:00 pm
Published on:
30 Jul 2026 05:00 pm
