
mp news: मध्यप्रदेश के सागर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादी के दौरान दूल्हे की मौत होने की हृदयविदारक घटना हुई है। दूल्हा-दुल्हन के फेरे होने वाले थे दोनों एक दूसरे के पास बैठे थे और पंडित जी मंत्रोच्चार कर रहे थे इसी दौरान अचानक दूल्हे ने दुल्हन की गोदी में सिर रखा और दुनिया को अलविदा कह गया। दूल्हे को अचेत हालत में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूल्हे की मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
घटना सागर के तिली इलाके की है जहां एक मैरिज गार्डन में शनिवार को शादी की कार्यक्रम चल रहा था। बाराती और घराती दोनों पक्ष के लोग काफी खुश थे। परकोटा के हर्षित चौबे की बारात सागर आई थी। हर्षित गोपालगंज में मेडिकल शॉप चलाता था। जयमाला के बाद फेरे होने वाले थे, दूल्हा दुल्हन फेरों के लिए मंडप में आकर बैठे हुए थे और पंडित जी दुल्हा दुल्हन को सात जन्मों के पवित्र बंधन में बांधने के लिए मंत्रोच्चार कर रहे थे। लेकिन फेरे शुरू होने से पहले ही हर्षित को घबराहट हुई और वो दुल्हन की गोद में सिर रखकर गिर गया। दूल्हे की हालत देख मंडप में हड़कंप मच गया।
दूल्हे हर्षित को तुरंत शादी के मंडप से उठाकर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने हर्षित को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक का परिवार मूल रूप से सागर के जैसीनगर तहसील का रहने वाला है। दूल्हे की मंडप में हुई मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हर्षित की मौत के बाद दूल्हे के ही परिधानों में जब उसकी अर्थी निकली तो हर किसी की आंखों से आंसू छलक गए। हर कोई इस घटना से हैरान है।
Updated on:
19 Jan 2025 02:41 pm
Published on:
18 Jan 2025 05:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
