
35 छात्रों से भरी स्कूल बस पलटी, बच्चे की मौत सीएम भी हुए व्यतीत
सागर. मध्य प्रदेश के सागर जिले के अंतर्गत आने वाले राहतगढ़ थाना इलाके के चंद्रापुर गांव में मंगलवार की सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि, हादसे के समय निजी स्कूल की बस में 35 से अधिक बच्चे सवार थे। बस पलटने के कारण कक्षा दसवीं में पढ़ने वाले एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य छात्रों की हालत गंभीर है। वहीं, कुछ छात्रों को मामूली चौटें भी आई हैं। हादसे को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी दुख जताया है। उन्होंने मृतक छात्र के शोकाकुल परिवार से संवेदनाएं व्यक्त की, साथ ही घायलों को उचित उपचार दिलाने के निर्देश दिए हैं।
सीएम शिवराज ने जताया दुख
स्कूल बस हादसे को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी दुख व्यक्त किया है। सीएम ने ट्वीट करते हुए कहा कि, 'सागर जिले के राहतगढ़ में बच्चों की स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक बच्चे के निधन की खबर से मन व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे। घायल बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है। शोकाकुल परिजन के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ॐ शांति। स्थानीय प्रशासन ने घायल बच्चों के इलाज के लिए तत्काल व्यवस्था की है। मैंने निर्देश दिए हैं कि, बच्चों के बेहतरीन इलाज में कहीं कोई कसर न छोड़ी जाए।'
हादसे के बाद मची चीख पुकार
वहीं, हादसे का कारण बताते हुए बस में सवार बच्चों ने कहा कि, ड्राइवर हाथों से स्टेयरिंग नहीं पकड़ा था, बल्कि वो मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी वजह से बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। घटना स्थल के आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद करने पहुंचे और बस से बच्चों को निकालना शुरु किया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राहतगढ़ लाया गया। जहां उनका उपचार शुरु कर दिया गया है। बस हादसे की खबर सुनते ही अस्पताल में बच्चों के परिजन के साथ साथ अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं सागर से भी कलेक्टर दीपक आर्य और एसपी तरुण नायक बी राहतगढ़ पहुंच गए हैं।
यहां हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक एक स्कूल बस में राहतगढ़ क्षेत्र के बटयावदा, चंद्रपुर, झिला गढ़ाघाट, रमपुरा, पचमा समेत आठ से दस गांवों के बच्चों को राहतगढ़ लाती है। ये बच्चे राहतगढ़ के स्कॉलर इंटरनेशनल, सेंट थामस, लक्ष्य समेत अन्य निजी स्कूलों में पढ़ते हैं। रोजाना की तरह मंगलवार को भी सुबह ये बस ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 35 से अधिक बच्चों को ला रही थी, तभी राहतगढ़ और चंद्रापुर के बीच ये अनियंत्रित होकर पलट गई।
परिवहन विभाग के इस अभियान पर सवाल
हादसे में कक्षा दसवीं में पढ़ने वाले छात्र शैलेंद्र कुर्मी की मौत हो गई। बस में सवार अन्य घायल बच्चों को राहतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। खबर के बाद अभिभावक भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए हैं। सागर से कलेक्टर और एसपी भी राहतगढ़ मौजूद हैं। गौरतलब है कि, सागर जिले में इन दिनों परिवहन और पुलिस विभाग की स्कूल बसों को लेकर जांच की जा रही है। सागर शहर में तो रोज कार्रवाई की जा रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में अभियान को रफ्तार नहीं दी गई। राहतगढ़ में हुई इस घटना के बाद परिवहन विभाग के इस अभियान पर सवाल उठने लगे हैं। बस में आठ से दस गांवों के स्कूली बच्चे सवार थे।
Updated on:
27 Sep 2022, 1:42 PM IST
Published on:
27 Sep 2022, 1:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.