सागर. जीएसटी लागू होने के बाद बैंकों ने उपभोक्ताओं से छोटी-छोटी सुविधाओं के भी रुपए वसूलना शुरू कर दिए हैं। इनमें कुछ चार्ज तो ऐसे हैं, जिनका उपभोक्ताओं से कोई सीधा सरोकार भी नहीं है। हाल ही में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने एक नया चार्ज वसूलना शुरू कर दिया है, यह उपभोक्ता के बंद हो चुके एटीएम कार्ड की सालाना फीस है। बैंक उपभोक्ता के गुम या पुराने हो चुके एटीएम कार्ड की भी सालाना फीस खाते से काट रहा है। यह राशि २०६.५० रुपए है।
उपभोक्ताओं को नहीं दी जा रही जानकारी
बैंकों द्वारा उपभोक्ताओं के खाते से काटे जा रहे १४७.५० और २०६.५० रुपए की राशि काटने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज तो भेजा जा रहा है, लेकिन उसमें उपभोक्ता को यह जानकारी नहीं दी जा रही है कि यह राशि किस सुविधा के लिए काटी जा रही है, जिसके कारण उपभोक्ता बैंकों के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं।
१८ प्रतिशत टैक्स के साथ अब १४७.५० रुपए वसूल रहे सालाना फीस
हाल ही में शहर में कुछ एेसे उपभोक्ता मिले, जिनके बैंक खातों से २० फरवरी के बाद १४७.५० रुपए काट लिए गए। इस संबंध में पत्रिका ने बैंक प्रबंधन से जानकारी चाही तो पता चला कि यह एटीएम कार्ड की सालाना फीस है, जबकि बीते साल तक यह फीस ११२ रुपए थी, जिसमें १०० रुपए एटीएम फीस और १२ प्रतिशत टैक्स शामिल था, लेकिन अब उपभोक्ताआें से ली जाने वाली फीस बैंक ने २५ रुपए बढ़ा दी है जिसके कारण उपभोक्ताओं को १२५ रुपए फीस और २२.५० रुपए जीएसटी के साथ १४७.५० रुपए काटे जा रहे हैं।